अब शहर के लोगों को जल्द ही जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। सीएम सिटी को एक नहीं तीन बस स्टैंड की सौगात मिलेगी। दो बस स्टैंड बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है, जबकि एक बस स्टैंड की प्रक्रिया पाइप लाइन में है। फिलहाल अधिकारी तीन बस स्टैंड बनाए जाने की प्रक्रिया पर ही कागजी कार्रवाई में लगे हैं। नए बस स्टैंड के लिए शिफ्टिंग का रास्ता भी साफ हो गया है।
हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की 32 एकड़ जमीन रोडवेज के नाम हो गई है और इसका पत्र सोमवार को रोडवेज महाप्रबंधक, करनाल के पास पहुंच गया है। अब इस जमीन पर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के माध्यम से बस स्टैंड का नक्शा बनवाकर इसका एस्टीमेट बनवाकर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। नया बस स्टैंड जीटी रोड स्थित लिबर्टी चौक के नजदीक उचानी गांव के एरिया में बनाया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी में बस स्टैंड का शिलान्यास सीएम से कराया जाएगा।
इसके बाद, इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। आधुनिक बस स्टैंड के अलावा मौजूदा बस स्टैंड को दो एकड़ में रखा जाएगा और सेक्टर-12 में भी मिनी बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव है। अभी सेक्टर-12 वाले मिनी बस स्टैंड को लेकर मंजूरी का इंतजार है।
एक दशक से लटका है शिफ्टिंग का मामला
बस स्टैंड शिफ्टिंग का मामला एक दशक से भी ज्यादा समय से लटका हुआ है। वर्ष 2001 में बस स्टैंड शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन अभी तक सिरे नहीं चढ़ पाया। अब आकर हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की 32 एकड़ जमीन भी ट्रांसफर हो गई है। सीएम सिटी में बस स्टैंड को शिफ्ट करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब नक्शा पास कर एस्टीमेट बनाया जाएगा। अप्रूवल के लिए एमडी को भेजा जाएगा। वर्तमान जगह से बस स्टैंड को शिफ्ट कर दिया जाएगा और शहर को जाम से मुक्ति मिल सकेगी।
जाम से मुक्ति के लिए शिफ्टिंग जरूरी
सीएम सिटी में बनने वाला बस स्टैंड इंद्री रोड पर बनेगा व अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। बस स्टैंड शहर से दूर होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी ना हो, इसके लिए सेक्टर 12 व मौजूदा बस स्टैंड को मिनी बस स्टैंड बनाए जाने की योजना है। मिनी बस स्टैंड बनाने का फायदा है कि सिटी बस सर्विस अच्छी रहेगी और नगर निगम भी अपनी बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में दो मिनी बस स्टैंड की जरूरत है।
जीटी रोड और इंद्री रोड पर लगेंगे गेट
इंद्री रोड स्थित 32 एकड़ जमीन में नया बस स्टैंड बनाया जाना है। इसका एंट्री गेट जीटी रोड की तरफ से रहेगा और निकासी के लिए इंद्री रोड पर गेट लगाए जाएंगे। जीटी रोड से गुजरने वाली बसें जीटी रोड की तरफ से एंट्री करेंगी और इंद्री रोड की तरफ से निकलकर जीटी रोड पर मिलेंगी। दूसरी तरफ यमुनानगर की साइड से आने वाली बसें भी इंद्री रोड से एंट्री करेंगी और इंद्री रोड से ही बाहर निकलेंगी। इससे बस चालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और सवारियों को भी रूट्स का पूरा ध्यान रहेगा।
ट्रेनिंग स्कूल और वर्कशॉप भी नये बस स्टैंड पर
रोडवेज अधिकारियों ने बस स्टैंड शिफ्टिंग के लिए पूरी प्लानिंग कर ली है। नये बस स्टैंड पर ही रोडवेज का ट्रेनिंग स्कूल और वर्कशॉप बनाया जाएगा। आधुनिक बस स्टैंड पर हर सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। नीचे काउंटर लगेंगे, जबकि ऊपर अधिकारियों के कार्यालय होंगे।
कैथल, असंध की बसों को जाना होगा मिनी बस स्टैंड पर
रोडवेज अधिकारियों की प्लानिंग के मुताबिक नये बस स्टैंड बनाए जाने के बाद मिनी बस स्टैंड पर कैथल, असंध से आने वाली बसें होकर गुजरेंगी। इससे शहर में जाने वाली सवारियों को परेशानी नहीं होगी। दिल्ली, चंडीगढ़ की तरफ से आने जाने वाली बसें मिनी बस स्टैंड पर नहीं जाएंगी। गांवों में जाने वाली बसें भी मिनी बस स्टैंड होकर नये बस स्टैंड पर आएंगी।
वर्जन
लिबर्टी चौक के नजदीक उचानी गांव एरिया में हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की जमीन थी, जो रोडवेज के नाम हो गई है। चंडीगढ़ मुख्यालय से आज ही जमीन का पत्र मिला है। जल्द ही बहुमंजिला बस स्टैंड का नक्शा बनवाकर एस्टीमेट के लिए भेजा जाएगा। कागजी प्रक्रिया पूरी कर मई और जून माह तक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
-रविंद्र पाठक, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज करनाल।