संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ठगों ने जिले में दो लोगों के खातों से करीब 3.50 लाख रुपये उड़ा लिए। रामनगर में खादी आश्रम के समीप रहने वाले सचिन ने बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड से 98 हजार 980 रुपये निकाल लिए हैं। सचिन के अनुसार 23 फरवरी की दोपहर उसके पास दो नंबरों से कॉल आई और क्रेडिट कार्ड रिवाइज करने के नाम पर आठ हजार रुपये प्राप्त करने के लिए लिंक भेजने का झांसा दिया। उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से 98980 रुपये कटने का मैसेज आया। उसने तभी कार्ड ब्लॉक कर दिया। इसके अलावा दो और मैसेज पेमेंट कटने के आए। तभी उसने कस्टमर केयर पर शिकायत की और बैंक को भी बताया। उसका एक्सिस बैंक नीओ कार्ड है। रामनगर थाने के जांच अधिकारी वीरेंद्र का कहना है कि इस मामले में पुलिस जल्द किसी नतीजे पर पहुंचेगी।
अरड़ाना गांव निवासी आशु के खाते से ऑनलाइन 2.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। उसका कहना है कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की असंध स्थित शाखा में उसका खाता है। जिससे वह लेनदेन करता है। उसने इस खाते से संबंधित एटीएम कार्ड भी बनवाया है। सात मई से सात जून के बीच उसके खाते से करीब ढाई लाख रुपये अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन फ्रॉड करके निकाल लिए। उसके पास जब मैसेज आए तो उसने बैंक में पूछताछ कर खाते की स्टेटमेंट निकलवाई। असंध थाने के एएसआई संजय कुमार का कहना है कि इस बाबत गहनता से जांच की जा रही है।
लाखों रुपये का चेक बाउंस
करनाल। करीब 34 लाख रुपये का चेक बाउंस होने पर पोल्ट्री फीड निर्माता कंपनी ने पोल्ट्री फार्म संचालक पर मामला दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता नई अनाज मंडी करनाल स्थित दर्शनी फीड्स कंपनी के संचालक कुटेल निवासी सतीश ने शिकायत दी कि जयसिंहपुरा गांव निवासी जोगिंद्र ने उनकी कंपनी से फीड लिया था। इसके बदले उसने चेक दिया था। यह चेक असंध स्थित आंध्र बैंक की शाखा का था। जब कंपनी ने चेक को बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। उनका आरोप है कि जोगिंद्र ने उनके साथ जालसाजी की है। उसे चेक बदलने के लिए भी कहा, लेकिन नहीं माना। आरोप है कि झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी। सतीश ने इस बाबत पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। थाना शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।