संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से दो लोगों ने 45,260 रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसंत विहार निवासी अमन कुमार ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके रिश्तेदार भरत हरि फौज से सेवानिवृत्त है और उसका जानकार गंगा बिसन निवासी देहरादून का रहने वाला है। उसने व उस व मंयक ने उसे रेलवे में सरकारी नौकरी दिलवाने की बात कही। इस काम के लिए तीन लाख रुपये लगेंगे और ये रुपये वह काम होने के बाद ही लेगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि पहले आपका रजिस्ट्रेशन करना पड़ेगा।
रजिस्ट्रेशन के बाद ही कॉल लेटर उसे आएगा और नौकरी ज्वाइन कर लेना। यह कहकर गंगा बिसन ने उससे 45,260 रुपये ले लिये। इसके कुछ दिन बाद एक ऑफर लेटर 24 मई 2024 को उसकी ई-मेल पर आया, जिसमें बेसिक पेमेंट व एचआरए इत्यादि लिखा हुआ था। जब उसने आईआरसीटीसी के कार्यालय जाकर पता किया तो सब कुछ फर्जी मिला। इसके बाद उसने आरोपी से रुपये लौटाने की बात की तो उसने जान से मारने की धमकी दी।
आईडी कार्ड पर मिले अमेरिकी एक्ट्रेस के हस्ताक्षर
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उसके पास आईआरसीटीसी के नाम से एक आईडी कार्ड भेजा,जिस पर अमेरिका की मशहूर एक्ट्रेस व टेलीविजन प्रेसेंटर ओपराह विन्फ्री के जाली हस्ताक्षर आईआरसीटीसी के सीईओ के तौर पर थे। यह आईडी कार्ड उसे मयंक ने पुरानी दिल्ली बुलाकर दिया था। बाद में उन्होंने आईआरसीटीसी के हेड ऑफिस दिल्ली में पता किया तो सभी दस्तावेज फर्जी मिले और किसी प्रकार की कोई नौकरी नहीं लगी है।