करनाल। कैथल रोड स्थित नई पुलिस लाइन में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान बलिदानी पुलिसकर्मियों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनकी वीरता व उनके द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
पुलिस स्मारक स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों व परिजनों ने बलिदानियों को नमन व मौन धारण किया। यह दिन हर साल 21 अक्टूबर को उन बहादुर पुलिसकर्मियों को याद करने और सम्मान देने के लिए मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य की पंक्ति में देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया था।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक करनाल रेंज डॉ. एम रवि किरण ने कहा कि यह दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में देश की सुरक्षा की प्रथम पंक्ति में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक छोटे से गश्ती दल पर चीनी सेना ने हमला किया था। इस लड़ाई में 10 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के रण बांकुरों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। जिन्होंने देश के नागरिकों की सुरक्षा व राष्ट्र सेवा के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ अपने दायित्व का निर्वाण करते हुए अपने प्राणों की परवाह किए बिना अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया था।
देश के लिए बलिदान देने वाले हमेशा रहते हैं याद : डॉ. एम रवि- फोटो : देश के लिए बलिदान देने वाले हमेशा रहते हैं याद : डॉ. एम रवि