निसिंग। निसिंग की पुरानी अनाजमंडी के वार्ड नंबर दो में शक्रवार को दिनदहाड़े एक मकान से चोर करीब पांच लाख रुपये व सोने चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गए। इस दौरान घर पर कोई नहीं था, दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में भी चोर कैद हो चुके हैं।
पीड़ित पदम ने बताया कि उनकी नर्दक नहर मार्केट में दुकान व ढाबा है, जो प्रतिदिन सुबह माता व भाई के साथ वहां चला जाता है। घर में महिला सामने के मकान में रहने वाली जेठानी के साथ पौने बारह बजे घर के दरवाजों को ताला लगाकर पड़ोस में नजदीक ही कथा सुनने चली गई। करीब आधे घंटे बाद लौटी तो उसे दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर उखाड़ कर बेड पर रखा मिला। लॉकर में करीब पांच लाख की नकदी व दस तोला चांदी की पायल, आठ ग्राम सोने की बाली व कुछ अन्य जेवरात थे। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। उन्होंने घर आकर आसपास में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें तीन चोर कार में सवार होकर आए थे। जिनमें से दो घर में घुस गए, जबकि एक कार में ही बैठा रहा। कुछ ही देर में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। आरोपियों महिला के घर से निकलते ही दो मिनट बाद वारदात को अंजाम दे दिया।
तकिए के कवर में ले गए सामान
-परिजनों अनुसार चोर मुख्य गेट से प्रवेश करने के बाद साथ लगते ड्राइंग रूम से अंदर घुसे। उन्होंने पहले कमरे में रखी अलमारी खंगाली लेकिन उसमें कुछ न मिलने के बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी का लॉकर पेचकश से तोड़ बेड पर रख दिया और बेड पर पड़े तकिए के कवर में रुपए समेत अन्य सामान डाल कर फरार हो गए।
कयास लगाए जा रहे हैं कि घटना को रेकी कर अंजाम दिया गया है क्योंकि दिन दिहाड़े महिला के घर से जाते ही चोर घर के पास ही गाड़ी खड़ी कर घटना को अंजाम देते हैं। ऐसे में लगता कि इन तीन चोरों के अलावा कोई अन्य महिला की जांच रख रहा था जो कि कथा में गई थी।
-चोरी की सूचना पर मौके का मुआयना किया गया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज का लिया है। ऐसी ही घटना पुंडरी में भी हुई है। आसपास कैमरा खंगाले जा रहे हैं। इस गैंग को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अजायब सिंह, थाना प्रभारी निसिंग