शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में चोरों ने शनिवार रात को दो दुकानों के शटर तोड़कर 70 हजार रुपये नकद और लैपटॉप चोरी कर लिए। एक डॉक्टर की दुकान के अंदर लगा शीशा भी तोड़ दिया। दुकान में कई जगहों पर खून के निशान भी मिले हैं। जिस दूसरी दुकान में चोरी की गई वह भी सामने ही है।
सूचना पर डायल 112 और थाना सिविल लाइन की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मॉडल टाउन में फाइनेंस का काम करने वाले सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह पड़ोसी दुकानदार ने सूचना दी थी कि उनके ऑफिस का शटर टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो अंदर से लैपटॉप और करीब 40 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
सुनील कुमार ने बताया कि वो रोजाना लैपटॉप अपने साथ घर ले जाते हैं, लेकिन शनिवार रात को लैपटॉप कार्यालय में रह गया। उनके लैपटॉप में कई सालों का महत्वपूर्ण डाटा था।
सामने स्थित हरियाणा क्लीनिक का भी ताला तोड़कर चोरी की गई। संचालक डॉ. अमरजीत सिंह ने बताया कि चोर ताला और शटर को तोड़कर अंदर घुसे। करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरों ने दुकान के अंदर का सामान तोड़ दिया। शीशे भी तोड़ दिए। क्लीनिक के अंदर से एक चाकू भी मिला है, जो क्लीनिक का नहीं है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज जांची जा रही है।
-
घरौंडा में चार दुकानों के ताले तोड़ लाखों रुपये के मोबाइल, लैपटॉप ले गए
घरौंडा।
चोरों ने शनिवार की रात को रेलवे रोड पर चार दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल फोन, लैपटॉप चोरी कर लिए। 15 हजार रुपये की नकदी भी ले गए।
रेलवे रोड स्थित विश्वकर्मा चौक पर स्थित नेटवर्क कंप्यूटर, सिंगला मोबाइल, मिठाई व गिफ्ट की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। कंप्यूटर की दुकान का ताला तोड़कर पांच लैपटॉप और 15 हजार की नकदी चोरी की। पास में गिफ्ट की दुकान का ताला तोड़ा लेकिन चोरी नहीं कर पाए। मिठाई की दुकान से नकदी चोरी की गई। रेलवे रोड पर स्थित मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर लगभग 15 हजार के मोबाइल चोरी कर ले गए। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली हैं।
संवाद