करनाल। सुमित नरवाल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से निशान पब्लिक स्कूल की क्रिकेट अकादमी में 31 मार्च तक महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होगा। इस टूर्नामेंट में 10 टीमें भाग ले रही हैं जिसमें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। टूर्नामेंट का दूसरा मैच फ्यूचर स्टार कैथल व राजेश पाठक क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ के खिलाड़ियों के बीच 40-40 ओवर का होगा।
इससे पहले रविवार को आयोजित पहले मैच में क्रिकेट एकेडमी ऑफ नरवाल की टीम ने जीत दर्ज की थी। कोच उधम राणा ने बताया कि 10 टीमों में दो दिल्ली, दो चंडीगढ़, दो यूपी, एक पंजाब, एक रोहतक, एक कैथल, एक करनाल की टीम शामिल है। टूर्नामेंट की फाइनल विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ-साथ 51 हजार रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ट्रॉफी व 31 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। 19 मार्च को वूमेन कमेटी चंडीगढ़ व क्रिकेट अकादमी ऑफ नरवाल की टीम के बीच मैच होगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 31 मार्च को होना है।