माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नेशनल हाईवे-44 के पास झंझाड़ी गांव की झाड़ियों में छिपाए विस्फोटक से किसी क्षेत्र को दहलाने की साजिश थी, जिसे एसटीएफ और पुलिस की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। गैंगस्टर नोनी राणा के गुर्गे मेरठ निवासी अमर सिंह उर्फ राजकुमार उर्फ मूछ की निशानदेही पर करीब तीन घंटे का ऑपरेशन चलाकर पौने दो किलो आरडीएक्स से बना घातक इंप्रोवाइस एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी ) यानी बम, दो हैंड ग्रेनेड को डिफ्यूज किया गया। इसके लिए दो गड्ढे खोदे गए थे।
तीन बार धमाके की आवाज सुनकर क्षेत्र के लोग सहम गए। रिमांड के दौरान एसटीएफ के सामने विस्फोटक सामग्री दबे होने की बात सामने आते ही पुलिस सतर्क हो गई थी। आरोपी की निशानदेही पर कर्ण लेक के समीप झंझाड़ी गांव के सूने इलाके में एसटीएफ और पुलिस टीम पहुंची। एहतियातन पुलिस ने करीब 500 मीटर क्षेत्र को सील करके रखा। आरोपी अमर सिंह के जगह बताते ही पुलिस बम निरोधक दस्ता, सीआईए की तीनों टीमें, तीन थानों की टीमें, एफएसएल टीम और एसपी व डीएसपी स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद पुलिस ने जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदा, जहां से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इसके बाद पूरी सावधानी और नियमों के तहत इन्हें डिफ्यूज किया गया। एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि इस बात से भी इन्कार नहीं कर रही है कि इन विस्फोटकों से कही न कही किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाना था।
सुबह पौने 10 बजे शुरू किया था ऑपरेशन
एसटीएफ के प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह करीब पौने 10 बजे ऑपरेशन शुरू किया था। यहां पर आरोपी को लाने के बाद जिस जगह विस्फोटक सामग्री को दबाया गया था, उसकी पहचान की गई। इसके बाद अन्य टीमों ने क्षेत्र को सील किया। सावधानी के साथ सामग्री को बाहर निकाला गया और डिफ्यूज किया गया। यह प्रक्रिया करीब डेढ़ बजे तक चली।
हाईवे पर रुके वाहन, लोग पूछते दिखे क्या हुआ
इलाके में पुलिस और एसटीएफ टीमों की सक्रियता बढ़ती देखकर ग्रामीण भी चिंता में पड़ गए। बार-बार लोगों से पूछ रहे थे कि यहां पर क्या हुआ है। अलग-अलग समय पर तीन धमाकों की आवाज सुनकर लोग भी सहम गए थे। जिस समय आईईडी को डिफ्यूज किया गया, उस समय धमाके की आवाज काफी तेज थी। इधर, हाईवे किनारे भी पुलिस तैनात थी, पुलिसकर्मियों को खड़ा देखकर कई बार वाहन भी थम गए।
अन्य जगहों पर भी दिखी सतर्कता
झंझाड़ी में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद बस अड्डा, रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों पर भी सतर्कता दिखी। स्थानीय क्षेत्र से जुड़े थाना व चौकियों के पुलिसकर्मी जांच व पूछताछ करते दिखाई दिए। इधर, हाईवे किनारे भी वाहनों की कतार लग गई। जिन्हें मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वाहनों को आगे निकलवाया।