करनाल। पश्चिमी यमुना नहर बाइपास पर रविवार देर शाम शिव कॉलोनी के ऋतिक से बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल लूट लिया। ऋतिक एक दोस्त के साथ बाइपास पर खड़ा था। तभी दो बाइक पर सवार पांच बदमाश वहां पहुंचे और ऋतिक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे पीटने के बाद मोबाइल फोन छीन लिया। ऋतिक ने करीब आधा किलोमीटर दूर खड़ी ट्रैफिक पुलिस की टीम तक पहुंचकर अपनी जान बचाई।
घायल ऋतिक को रामनगर पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। रामनगर थाना से एएसआई विक्रम सिंह ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संवाद