करनाल। जयसिंहपुरा रोड पर बुधवार देर शाम कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी जिससे ई-रिक्शा चला रहे 38 वर्षीय सतपाल सिंह की मौत हो गई। वह जबाला गांव का रहने वाला था। मृतक दो बच्चों का पिता था और उसकी पत्नी बीमार है। सतपाल की मौत से उनके परिवार में गम का माहौल है।
सतपाल असंध से जयसिंहपुरा की तरफ लौट रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा दीवार से टकरा गया और उसके परखच्चे उड़ गए। कार चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर भाग गया।
गांव के युवकों ने हादसा होते देखा तो घायल सतपाल को असंध अस्पताल में पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। ब्यूरो