करनाल। दुकानदार को बहला फुसलाकर एक शातिर ठग 25 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। घरौंडा थाना पुलिस शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
शिकायत में दुकानदार राजकुमार ने बताया कि उसके पास सुबह एक व्यक्ति आया। उसने कहा कि उसे 1100 व 5100 की नोटों की माला चाहिए। पगड़ी व दूल्हे का सेहरा व बच्चों की भी टोपी चाहिए। उसने यह सारा सामान निकाल लिया तो वह व्यक्ति बोला की उसे 500 रुपये के नए नोट भी चाहिए। वह 400 रुपये अतिरिक्त दे देगा।
वह आरोपी की बातों में आ गया और उसने 500-500 के 50 नोट उसे दे दिए। जो 25 हजार रुपये थे। जब उसने आरोपी से उसके बदले में रुपये मांगे तो आरोपी ने कहा कि उसका पिता बाजार में कपड़े खरीद रहा है। वही सारे रुपये देगा। इसके बाद वह कुछ समय तक दुकान में बैठा रहा। इसके बाद लघुशंका का बहाना कर 25 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। संवाद