कैथल में दो कॉलेज के विद्यार्थियों को क्रिकेट सट्टा में कमाई का लालच देकर चार युवकों ने 5 लाख रुपये हड़प लिए। साथ ही उनसे एक खाली प्रनोट और दो खाली चेक भी ले लिए। ज्यादा राशि की वसूली के चक्कर में परिजनों को मामले की भनक लगी। जिस पर पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर तीन को गिरफ्तार भी कर लिया है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से छापेमार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में हुडा सेक्टर 20 निवासी पवन कुमार गर्ग ने बताया कि उसका बेटा राहुल बीए अंतिम वर्ष में पढ़ता है। उसके बेटे राहुल और उसके दोस्त सोहन को चार युवकों ने क्रिकेट में सट्टा लगाकर अधिक धन कमाने का लालच दिया।
छह माह पूर्व आरोपियों ने उसके बेटे एवं उसके दोस्त को अपने साथ बैठाना शुरू कर दिया। इन सभी ने उसके बेटे से एक लाख रुपये और सोहन लाल से 4 लाख रुपये की राशि हड़प ली। इसके बावजूद आरोपी उसके बेटे एवं उसके दोस्त से वसूली का प्रयास करते रहे। इसी बीच उन्होंने 19 जुलाई 2013 को उसके बेटे एवं सोहन लाल से न्यायिक परिसर में ले जाकर ब्याज पर राशि लेने बारे एक प्रनोट भी लिखवा लिया और दो खाली चेक भी ले लिए।
जब उक्त युवक इस राशि की वसूली के लिए आए तो उन्हें मामले की भनक लगी। बाद में जब पूरे मामले का पता लगाया गया तो उनके बेटों ने बताया कि आरोपी युवकों का एक गिरोह है। जो भोले-भाले बच्चों को क्रिकेट सट्टा के नाम पर फंसाते हुए लाखों रुपये हड़प रहे हैं। इन सभी ने प्रनोट लिखवाने एवं चेक लेने से पहले सोहन लाल से 4 लाख एवं उसके बेटे से 1 लाख रुपये की राशि हड़प ली थी। जिस पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
थाना शहर पुलिस ने मामले में आरोपी पट्टी अफगान निवासी पवन कुमार, विक्रम ऊर्फ विक्का, बलविंद्र ऊर्फ बिन्नी, वीरेंद्र ऊर्फ बिंदर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा सीआईए को सौंपा गया। इसमें कार्रवाई करते हुए सीआईए इंचार्ज सत्यवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी विक्रम, बलविंद्र एवं वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पवन कुमार की तलाश जारी है।
सीआईए प्रभारी सब इंस्पेक्टर सत्यवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने पवन को छोड़कर शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पवन की भी तलाश की जा रही है। उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।