संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण स्टेडियम में पिछले पांच साल से अटके बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। अब हॉल में दो बॉक्सिंग रिंग व चार बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। नक्शा पास हो गया है। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत तय की गई थी। इसमें से खेल विभाग ने लोक निर्माण विभाग को पांच करोड़ रुपये जमा करा दिए थे। अब नए नक्शे के अनुसार लागत में बदलाव किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 25 जुलाई, 2020 को इस हॉल के निर्माण की घोषणा की थी। हॉल की इमारत तो बनकर तैयार हो गई थी, लेकिन अग्निशमन संयंत्र के लिए जगह कम होने के कारण काम रोक दिया गया था। नक्शे को दोबारा से बनाकर चार माह पहले चीफ आर्किटेक्ट के पास भेजा गया था। नक्शे में पहले छह बैडमिंटन कोर्ट थे। इनको अब चार कर दिया गया है। अब भूतल पर दो बॉक्सिंग रिंग और पहली मंजिल पर चार बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे। दूसरी मंजिल को खाली रखा जाएगा।
खुले में बनाई है रिंग
बाक्सिंग कोच सुरेंद्र ने बताया कि फिलहाल छोटे हॉल में अभ्यास की दिक्कत के कारण रिंग को बाहर लगाना पड़ा है। धूप से खिलाड़ियों को कई बार चक्कर आ जाते हैं। बारिश में अभ्यास नहीं कर पाते हैं। नए हॉल के शुरू होने के बाद खिलाड़ी अच्छा अभ्यास कर पाएंगे। कर्ण स्टेडियम में हजारों की संख्या में खिलाड़ी रोजाना अभ्यास करने के लिए आते हैं। 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत की ओर से बाक्सिंग के लिए गए निशांत देव भी कर्ण स्टेडियम में अभ्यास करते थे। बैडमिंटन के कोच राकेश पांडे राष्ट्रीय स्तर के पैरा खिलाड़ी हैं। वह खेल उपनिदेशक हैं।
-कर्ण स्टेडियम में बने वाले मल्टीपर्पज हॉल के नक्शे को मंजूरी मिल गई है। एक एस्टीमेट बनाकर विभाग को भेजा जाएगा। जैसे ही विभाग की ओर से एस्टीमेट की मंजूरी आती है, तो जल्द ही कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। -गोविंद, जेई, लोक निर्माण विभाग