माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्मार्ट सिटी परियोजना की करोड़ों की धनराशि से शहर की एक और सड़क का कायाकल्प किया जाएगा। महात्मा गांधी चौक से नूर महल चौक तक की करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क का सुंदरीकरण और सुढ़ीकरण करके इसे स्मार्ट बनाया जाएगा। इसमें सड़क पर अच्छी दृश्यता, रोड फनीचर्स, सोलर सिस्टम से जुड़ी स्मार्ट एलईडी लाईटें, इलेक्ट्रोनिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन, एंबुलेंस लाइन, स्मार्ट बस क्यू शेल्टर, बैठने के स्थानों पर निशुल्क वाईफाई, पक्षियों के लिए ट्री हाउस, रोड साइड लाईब्रेरी जैसी कई सुविधाएं होंगी। ये कार्य फरवरी माह में शुरू होने की संभावना है।
दरअसल इस परियोजना को स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से किया जाना है, लेकिन उसका समय खत्म हो जाने के बाद परियोजना को नगर निगम करनाल को हस्तांतरित कर दिया गया है। अब नगर निगम ने इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करनी शुरू कर दी है। इसकी अंतिम रूपरेखा तैयार करने के लिए मंगलवार को निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने इससे संबंधित विभागों के अधिकारियों और डीपीआर तैयार कर रही चंडीगढ़ की साकार फाउंडेशन एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें एजेंसी प्रतिनिधियों ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से इस सड़क पर क्या कार्य होने हैं, इसकी विस्तृत जानकारी अधिकारियों के साथ साझा की।
निगमायुक्त डॉ. वैशाली ने सुझाव दिया कि सड़क को कुछ यूं स्मार्ट बनाया जा सकता है कि ये लोगों के साथ साथ पर्यावरण के लिए भी अनुकूल हो। सड़क पर अच्छी दृश्यता, रोड फनीचर्स, सोलर सिस्टम से जुड़ी स्मार्ट एलईडी लाइटें, इलेक्ट्रोनिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन, एंबुलेंस लाइन, स्मार्ट बस क्यू शेल्टर, वाईफाई, पर्यावरणीय सुविधा, पक्षियों के लिए ट्री हाउस, रोड साइड लाईब्रेरी, स्मार्ट जेब्रा क्रॉसिंग, स्पीड ब्रेकर और पार्किंग स्पेस जैसी सुविधाएं सम्मिलित हों। सड़क पर जल भराव न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मूर्तियों के डिजाइन बदलने को भी कहा। एजेंसी प्रतिनिधियों से कहा गया कि वह बैठक में मौजूद सभी विभागों के अधिकारियों को ड्राईंग की कॉपी दें, जिससे वह अपने कार्य से संबंधित सुझाव दे सकें। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर अपनी-अपनी सेवाओं से जुड़े सुझाव जमा करवाएं, ताकि डीपीआर में उन्हें शामिल किया जा सके।
स्मार्ट रोड में होंगी ये सुविधाएं
स्मार्ट रोड में वाहन चालकों और नागरिकों को कई प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। सड़क का बेहतर डिजाइन, फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, सुंदर एवं आकर्षक लाईटें, बेहतर मूर्तिकला, पेंटिंग, सुंदर चौराहे, फव्वारे, आईलैंड, नागरिकों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था तथा बिजली की तारों को भूमिगत करने जैसे कार्य किए जाएंगे। सड़क सुरक्षा को लेकर इंडियन रोड कांग्रेस के नियमों का पालन किया जाएगा।