सरकार के निर्देश पर जिले में शनिवार को 74 गांवों में ग्राम सभा का आयोजन तय था। इनमें से 60 गांवों में तय समय पर सभा हुई। अन्य में कोरम पूरा नहीं होने के कारण सभा को स्थगित करना पड़ा। सरकार की ओर से गांव में कुल मतदाताओं में से 40 या 30 प्रतिशत की उपस्थिति सभा में अनिवार्य की गई है।
ग्राम पंचायत उपलाना की ओर से हरसंभव प्रयास किए गए लेकिन निर्धारित कोरम पूरा न होने के कारण शनिवार को भी ग्राम सभा को स्थगित करना पड़ा। राजकीय स्कूल में ग्राम सभा का आयोजन सरपंच जीतो रानी कश्यप की अध्यक्षता में किया गया। संचालन ग्राम सचिव सेवा सिंह ने किया। ग्राम सचिव सेवा सिंह ने बताया कि कोरम पूरा न होने के चलते नियमानुसार ग्राम सभा को आगामी तिथि तक के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया। सरपंच जीतो रानी कश्यप ने बताया कि ग्राम सभा की सूचना ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए पंचायत की ओर से पूरे प्रयास किए गए।
चौकीदार से कराई मुनादी
चौकीदार के माध्यम से तीन दिन तक गली-गली लाउडस्पीकर से मुनादी करवाई गई। पंचों, पंचायत प्रतिनिधियों और सरकारी सेवाओं से जुड़े स्थानीय लोगों से संपर्क कर ग्रामीणों से ग्राम सभा में पहुंचने की अपील की।
उपलानी में भी नहीं हुई
उपलानी गांव में भी ग्राम सभा स्थगित करनी पड़ी। सरपंच सतबीर सिंह दहिया और ग्राम सचिव रवि कुमार ने बताया कि कोरम पूरा न होने के कारण सभा को स्थगित करना पड़ा।