रादौर। नगर पालिका सदन की बैठक शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय में चेयरमैन रजनीश मेहता शालू की अगुवाई में हुई। इसमें 16 पार्षदों में 15 पार्षद उपस्थित रहे। इसमें एक पार्षद को छोड़ सभी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की मांग रखी। साथ ही पार्कों में नई लाइटें, दीवारों व झूलों पर रंग-रोगन, म्यूजिक सिस्टम के काम मंजूर कराए।
नगर पालिका सचिव सुरेंद्र मलिक की देखरेख में बैठक के दौरान छह सितंबर से होने वाले जाहरवीर गोगा माड़ी मेले के लिए चर्चा की गई। मेले की व्यवस्था के लिए पार्षदों की कमेटियों का गठन किया गया। मेले में नगर पालिका की ओर से किए जाने वाले तीन दिवसीय दंगल के लिए बनाई कमेटी में पार्षद भगवत दयाल कटारिया, ऋषिपाल नंबरदार, श्रीकांत मोंटी, अमनदीप छोटाबांस, राजीव आर्य सन्नी को शामिल रहे।
मेले में दुकानों को ठेकेदार के माध्यम से लगाने पर सहमति जताई गई। इसके तहत नगर पालिका की ओर से मेले में लगने वाली दुकानों को ठेकेदार के माध्यम से लगाया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से ठेकेदारों को बोली के माध्यम से मेले में दुकानें लगवाने के लिए अधिकृत किया जाएगा।