माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर की सभी बाहरी और आंतरिक सड़कों को गड्ढामुक्त करने कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए नगर निगम ने वार्डवार कार्ययोजना तैयार कर ली है। जिस पर करीब तीन करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
कुछ वार्डों में कार्य टेंडर खुल चुके हैं, वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुके हैं, कुछ वार्डों का अभी एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। इनके शीघ्र टेंडर लगाकर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
लंबे समय से शहर हो या गांव, कई सड़कों की हालत खस्ता है। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों विधानसभा और नगर निकाय के चुनाव में भी ये मुद्दा विपक्षियों ने उठाया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों 15 जून तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश विभिन्न विभागों को दिए हैं। इस पर नगर निगम करनाल ने कार्ययोजना तैयार कर ली है।
नगर निगम की आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि नगर की सभी बाह्य और आंतरिक सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर कार्य शुरू कर दिया गया है। वार्डवार एस्टीमेट तैयार किए गए हैं। इसमें वार्ड-एक में 24 लाख, वार्ड-दो व तीन में 23-23 लाख, वार्ड चार में 15, वार्ड-पांच में 18 लाख, वार्ड-6 में 20 लाख रुपये का टेंडर लगा है। वार्ड एक व छह में कार्य शुरू कर दिया गया है, शेष में एक दो दिन में वर्क ऑर्डर जारी हो जाएगा। इसके अलावा वार्ड-7, 8, 9 व 10 में तारकोल की सड़कों पर पैचवर्क का कार्य है, इसलिए इनका संयुक्त टेंडर लगा है, जो कुल 19.50 लाख रुपये का है। इसके अलावा वार्ड 14 का 23 लाख, 15 का 18, 16 का 21, 17 का 17, 18 का 17 व वार्ड-19 का टेंडर 22 लाख रुपये का किया गया था, यहां कार्य शुरू करा दिया गया है।