करनाल। शहर के सेक्टर छह में नर्स अंकिता मान ने अपना फर्ज निभाते हुए सीपीआर देकर सड़क किनारे बेहोश पड़े युवक की जान बचा ली। सड़क हादसे के शिकार युवक की सांस नली में खाना फंस गया था। वह सांस नहीं ले पा रहा था।
उसकी हालत देख अंकिता ने एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस के आने तक उसे सीपीआर देती रहीं। उसके अस्पताल पहुंचने पर डाॅक्टर ने बताया कि अगर उसे सीपीआर नहीं दी गई होती तो जान जा सकती थी।
विज्ञापन
कल्पना चावला मेडिकल काॅलेज के सामने स्थित विर्क हास्पिटल में बतौर नर्सिंग सुपरवाइजर काम करने वालीं अंकिता सेक्टर छह में ही रहती हैं। वह मंगलवार रात 10 बजे बेटी को आईसक्रीम दिलाने के लिए घर से निकली थीं। थोड़ी दूर गुरुद्वारे के पास उन्होंने देखा कि सड़क किनारे एक युवक बेहोश पड़ा है। वहां कई लोग जमा थे।
उन्होंने बताया कि युवक सांस नहीं ले पा रहा। वह हादसे का शिकार हुआ है। राहगीरों में से एक युवक ने भी उसे सीपीआर देने की कोशिश की लेकिन, उसे इसका सही तरीका नहीं मालूम था।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अंकिता ने अपनी बेटी एक राहगीर को सौंपी व एंबुलेंस के लिए काॅल कर सीपीआर देने लगीं। एंबुलेंस आने पर उसे निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज फिर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। उसे सीपीआर दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अंकिता का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत में काफी सुधार हुआ। हादसे की वजह से ही उसकी सांस नली में खाना फंस गया था।