माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नव वर्ष का आगाज कोई आध्यात्मिक तरीके से करेगा तो किसी ने शिमला और मनाली की वादियों में घूमने की योजना बनाई है। नव वर्ष में करनाल शहर से सबसे ज्यादा लोग मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जा रहे हैं। मंगलवार रात से ही लोग कटरा के लिए रवाना होना शुरू हो गए हैं। योजना साल का पहला दिन मां के दर्शन कर शुरू करने का है। टूर एवं ट्रैवल कंपनियां के अनुसार मनाली, शिमला और मंसूरी भी पसंद बनी हुई है।
कई लोग खाटू-श्याम, सालासर, मथुरा-वृंदावन, चिंतपूर्णी और ज्वाला जी के दर्शन के लिए जा रहे हैं। पर्यटक ट्रेवल संचालक के पास 4 सीटर कार से लेकर 52 सीटर की बस तक बुक करा रहे हैं। ट्रेवल संचालक पर्यटकों को यात्रा के साथ-साथ होटल का रूम भी मुहैया करवा रहे हैं।
तीन से चार दिन का छह से 16 हजार रुपये में पैकेज
वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए आमतौर पर 3 से 4 दिन का पैकेज तैयार किया जा रहा है। वैष्णो देवी के लिए यात्रियों के लिए यह पैकेज प्रति व्यक्ति लगभग 6000 से 10000 रुपये के बीच है। इसमें ट्रेन या बस से यात्रा, होटल में ठहराव, माता वैष्णोदेवी के दर्शन और स्थानीय भ्रमण शामिल होता है। वहीं यदि यात्री बेहतर होटल और एसी या ब्लॉअर ट्रांसपोर्ट चाहते हैं तो यह पैकेज प्रति व्यक्ति 11000 से 16000 रुपये तक उपलब्ध है।
मनाली टूर के पैकेज में कई सुविधाएं
अजय टूर के संचालक अंश भाटिया ने बताया कि मनाली टूर के तहत कपल के लिए चार दिन तीन रात और होटल का रूम समेत छोटी गाड़ी उपलब्ध कराई जाती है। बजट है 32 हजार रुपये। चार लोगों के लिए रूम समेत 38 हजार रुपये, सात लोगों के लिए होटल के तीन कमरों सहित आने-जाने का किराया 62 हजार रुपये, इसी तरह शिमला में तीन दिन दो रात कपल के लिए रूम सहित 22 हजार रुपये, चार लोगों के लिए दो रूम सहित 32 हजार रुपये, सात लोगों के लिए तीन रूम सहित 48 हजार रुपये है।