धनतेरस के मौके पर शहर के बाजार गुलजार रहे। शुभ और तरक्की के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की और एक-दूसरे को महापर्व की बधाई दी।
सुबह से ही बाजारों में भीड़ जुटना शुरू हो गई थी, देर रात तक यह भीड़ यूं ही रही। करनाल में 25 करोड़ रुपये के कारोबार होने का दावा यहां के दुकानदारों ने किया है। बाजार में सर्वाधिक भीड़ बर्तन और आभूषणों की दुकानों पर रही। महंगाई की मार झेल रहे लोगों और बेहाल बाजार के लिए धनतेरह संजीवनी की तरह काम कर गई। शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर लोगों ने खूब खरीद की और बाजारों को गुलजार कर दिया।
सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। लोगों ने बाजार में सोने-चांदी के सिक्के से लेकर बर्तनों तक की खरीद की। इस बार खास तौर पर चांदी का सेट लक्ष्मी मां और गणेश जी का तैयार किया गया था ताकि लोगों को उनकी पॉकेट के हिसाब से बाजार में वैरायटी मिल सके। आभूषण खरीद के लिए जौहरियों के यहां शाम को भीड़ लगनी शुरू हुई।
रात तक हर दुकान पर ग्राहकों की भारी भीड़ थी। चांदी के बर्तन ग्राहकों की पहली पसंद रहे तो पूजन के लिए लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा की बिक्री भी जमकर हुई। कुछ बड़े जौहरियों ने स्पेशल पैक भी बनाए थे। इनमेें गिफ्ट आइटम के साथ-साथ लक्ष्मी, गणेश, शिव, विष्णु की प्रतिमाएं प्रमुख थी।
लोगों की जरूरत के लिए हिसाब से दस ग्राम के सिक्के से लेकर बिस्किट तक पर लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा अंकित हुई सामग्री बाजार में उतारा गई थी। बाजार के रुझान के हिसाब से लोगों ने खूब खरीद की। लोगों को बाजार ने पूरी तरह रोशन कर दिया। शुक्रवार को जिले में 25 करोड़ का कारोबार हुआ, जबकि पिछली साल धरनतेरस पर यह 22 करोड़ आंका गया था।
इस बार ग्राहकों ने दुकानदारों के मन पर छाई उदासी को धो दिया। कई दिन से शिथिल पड़े बाजार में यह उछाल लोगों को उत्साहित करने वाला था। वहीं, गिफ्ट गैलरी और कपड़ा कारोबारियों को भी धनतेरस पर अच्छी ग्राहकी मिली है। बाजार मे हर ओर मेले सा माहौल था।
स्वास्थ्य विभाग ने छह दुकानों से भरे सैंपल
दिवाली पर्व के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में मिठाइयों की दुकानों की चेकिंग का अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। उप सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र कुमार व जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह ने करनाल में दुकानों का औचक निरीक्षण किया और छह दुकानों से सैंपल भरे। इन्हें जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की लैब में भेजा गया है।
उप सिविल सर्जन ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने शहर में बस स्टैंड ऐरिया, घोघड़ीपुर फाटक, शिव कॉलोनी, कैथल रोड व कुंजपुरा रोड के आसपास की विभिन्न दुकानों का औचक निरीक्षण किया और छह दुकानों से सैंपल भरे। इनमें खोया बर्फी, लड्डू बेसन, रसगुल्ला व देशी घी के सैंपल शामिल हैं।
उन्होंने दुकानदारों को हिदायत दी कि वे मिठाइयाें में अधिक रंग का प्रयोग नहीं करें, क्योंकि इससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। वे मिठाई की दुकानों में साफ-सफाई पर भी ध्यान दें, खुले में मिठाई नहीं बेचें और इनको ढककर रखें ताकि मख्खी-मच्छर नहीं बैठ सकें।
उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर भी साफ-सफाई रखेें व नालियों में पानी नहीं खड़ा होने दें। उन्होंने बताया कि कुछ दुकानदार थोड़े से लालच के चक्कर में मिठाइयों में मिलावट करके लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास करते हैं, उन पर कड़ा अंकुश लगाने के लिए विभाग व जिला प्रशासन के उच्च अधिकारी कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।
दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के इंस्पेक्टर हर रोज मिठाइयों की दुकानों से सैंपल ले रहे हैं ताकि कोई भी दुकानदार लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचा सके।