संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/असंध। असंध के रामनगर में कबाड़ी का काम करने वाले बुजुर्ग दंपति हरी सिंह (78) और लीला देवी (75) की हत्या बर्बरता के साथ की गई। रविवार की रात पौने 12 बजे से लेकर सवा एक बजे तक करीब डेढ़ घंटे तक दो बदमाश घर में रहे।
इसी दौरान ही उनकी हत्या हुई। घर के अंदर बिखरा सामान, अपनी जान बचाने के लिए बुजुर्गों की ओर से किए संघर्ष को बयान कर रहा है। बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांधकर दम घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस को दोनों के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ मिला। महिला लीला देवी के मुंह से खून भी आया था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने भी दंपती की मौत का कारण सांस घुटना बताया है। अब सीसीटीवी फुटेज पर ही जांच टिकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक पर आए दो युवकों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
दोनों करीब डेढ़ घंटे तक घर के अंदर रहे। पुलिस दोनों की पहचान करने के प्रयास में जुटी है। फिलहाल आरोपियों का पता नहीं लग पाया है।
हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। दंपति की हत्या की जांच के लिए एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने तीन टीमों का गठन किया है।
मृतक हरी सिंह फाइल फोटो