संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। करनाल-कैथल रोड स्थित मुख्य बाजार में वीरवार को नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर पालिका सचिव प्रदीप कुमार के आदेशानुसार मोटीवेटर निशांत राणा व नवीन कुमार नेतृत्व में फुटपाथ पर दुकानदारों का अवैध रूप से रखा सामान हटवाया गया।
अमर उजाला ने वीरवार के अंक में निसिंग में कैथल रोड पर अतिक्रमण से जाम की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर नगरपालिका ने वीरवार को ही इसका संज्ञान लेकर अभियान शुरू कर दिया।
मोटीवेटर राणा ने बताया कि फुटपाथ पैदल गुजरने वाले आमजन के आवागमन के लिए बनाया गया है। फुटपाथ पर सामान रखने आमजन को इसका फायदा नही मिल पा रहा था। मुख्य बाजार में सड़क के दोनों ओर बने फुटपाथ पर दुकानदारों ने कब्जा जमाया है। फुटपाथ पर रखे सामान के कारण बाजार में खरीदारी करने व वहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्हें अपनी जान जोखिम में डाल कर फुटपाथ की बजाय सड़के किनारे चलना पड़ता है। इससे हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। वहीं बाजार में अधिक भीड़ के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान चेतावनी दी गई कि फल व सब्जी की रेहड़ियां लगी पाई गई तो उनका सामान जब्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फल व सब्जी की रेहड़ी वालो के लिए बस स्टैंड व सीएचसी के पास जगह दी गई है। वहीं अपनी रेहड़ियां लगाए, ताकि बाजार में आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर सोनू,हवा सिंह, इंद्र आदि कर्मचारी मौजूद रहे।