करनाल/मूनक। बालपबाना गांव के पास रात को ट्रैक्टर के पीछे लगे हैरो में बाइक टकराने से स्टौंडी गांव निवासी लिबर्टी कर्मचारी कुशल (22) की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बालपबाना से स्टौंडी की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह से पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
मूनक थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को कुशल का रिश्ता तय होना था। लड़की पक्ष के लोग आने वाले थे, इसके लिए घर में तैयारियां चल रही थी मगर इस हादसे के बाद खुशियां गम में बदल गईं। स्टौंडी गांव निवासी रामफल ने मूनक थाने में दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा कुशल रविवार रात फुरलक गांव निवासी दोस्त के साथ बाइक पर बालपबाना गांव में दवाई देने गया था। जब वह वापस आते समय उसकी बाइक की टक्कर ट्रैक्टर के पीछे लगे हैरो से हो गई जिससे उसकी दोनों टांग कट गईं। उसकी छाती पर भी चोट लग गई। राहगीर उसे करनाल के सरकारी अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में वह बेहोश हो गया। बाद में कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुशल के दोस्त का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पिता रामफल का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। मूनक थाना के जांच अधिकारी अतिरिक्त सहायक निरीक्षक संदीप ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।