- परीक्षा पे चर्चा-2025 : 14 तक कर सकते हैं विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक ऑनलाइन आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परीक्षा पे चर्चा-2025 कार्यक्रम के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 14 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रवेश प्रतियोगिता के आधार पर दिया जाएगा यानी प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रधानमंत्री से मिलने या बात करके अपना सपना पूरा कर सकते हैं।
कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विदित हो कि यह कार्यक्रम हर वर्ष बोर्ड परीक्षाओं से पहले होता है। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे विद्यार्थियों से पीएम बातचीत करते हैं। छात्रों के अलावा शिक्षक और अभिभावकों को भी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए प्रतियोगिता में हिस्सा लेना होगा।
छात्रों की श्रेणी में केवल कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। किसी भी प्रतिभागी द्वारा कोई भी गलत जानकारी या प्रविष्टि जमा करने पर परीक्षा पे चर्चा-2025 से उसकी भागीदारी को रद कर दिया जाएगा। कार्यक्रम नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होना प्रस्तावित है। कार्यक्रम कब होगा, इसे लेकर अभी शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। माय जीओवी पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से चुने गए लगभग 2500 छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को मंत्रालय द्वारा पीपीसी किट उपहार में दी जाएगी।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को अलग-अलग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 14 जनवरी तक पंजीकरण कर सकते हैं। विद्यार्थी पोर्टल पर सेल्फ-लॉग इन या टीचर्स लॉग इन के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा पोर्टल पर शिक्षक और अभिभावकों के लिए अलग लॉग इन भी है। अभिभावक और शिक्षकों के लिए भी अलग-अलग प्रतियोगिताओं को डिजाइन किया गया है।
ऐसे करें पंजीकरण
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट innovateindia1.mygov.in पर जाएं।
- वेबसाइट के होम पेज पर Participate Now पर क्लिक करें।
- यहां अपनी श्रेणी के अनुसार- विद्यार्थी (सेल्फ पार्टिसिपेशन), विद्यार्थी (पार्टिसिपेशन थ्रू टीचर लॉगइन), शिक्षक या अभिभावक का चुनाव कर उसके नीचे क्लिक टू पार्टिसिपेट पर क्लिक करें।
- यहां अपना पूरा नाम, मोबाइल नंबर/ई-मेल आईडी दर्ज करके पंजीकरण करें। इसके बाद अन्य जानकारी दर्ज करें।
- पंजीकरण के लिए छात्रों/माता-पिता/शिक्षकों को अपना पूरा नाम एवं मोबाइल नंबर/ई-मेल आईडी की आवश्यकता होगी।
500 शब्दों में पूछ सकते हैं पीएम से सवाल
परीक्षा पे चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावकों के साथ बोर्ड परीक्षा पर चर्चा करेंगे। विद्यार्थी प्रधानमंत्री से 500 शब्दों में कोई भी सवाल पूछकर पोर्टल पर सबमिट कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी इन सवालों के जवाब देंगे और परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव और डर को दूर करने को लेकर विद्यार्थियों को मोटिवेट भी करेंगे। - सुदेश ठुकराल, जिला शिक्षा अधिकारी