संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अब स्कूलों में कोरोना का खतरा बढ़ने लगा है। मंगलवार को कोरोना के तीन केस सामने आए हैं। तीनों सग्गा स्थित जवाहर नवोदय स्कूल के हैं। इनमें एक शिक्षक और दो विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें एक विद्यार्थी शामगढ़ तो दूसरा निगदू के एक गांव का रहने वाला है। जिले में अब तक कोरोना के 16 पॉजिटिव केस एक्टिव हैं।
वहीं विदेश से आने वाले लोगों की संख्या भी 1426 तक पहुंच गई है। इनमें से 112 लोगों का अब तक पता नहीं चला है। सीएमओ डॉ. योगेश ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 2017 सैंपल लिए गए। जिले की बात करें तो अब तक 621996 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, इनमें से 577699 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। 40065 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनमें से 39494 मरीज ठीक होकर घर चले गए। जिले में अब तक 555 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। विभाग ने चार स्थानों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर लिया है।
233 सैंपलों की आज आएगी रिपोर्ट
नवोदय स्कूल से दो दिन में चार पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 300 सैंपल लिए थे। इनमें से मंगलवार को तीन पॉजिटिव केस मिले हैं। वहीं मंगलवार को 233 के करीब सैंपल लिए गए हैं। जिनकी रिपोर्ट बुधवार को आनी है। वहीं इस माह में अभी तक कोरोना के 26 केस आ चुके हैं।
कोरोना का टीका जरूर लगवाएं : सीएमओ
सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा ने लोगों का आह्वान किया कि वे कोरोना से बचाव के लिए टीके की दोनों डोज अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के तहत जिले के अंतिम व्यक्ति तक कोरोना का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिले में विभिन्न सीएचसी, पीएचसी व स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना की पहली तथा दूसरी डोज लगाई जा रही है। टीका लगवाकर ही हम कोरोना की संभावित तीसरी लहर से लड़ सकते हें। मास्क का प्रयोग और सामाजिक दूरी का पालन भी जरूरी है।
आज इन बाजारों में होगा टीकाकरण
1. नई अनाज मंडी
2. गुड मंडी करनाल
3. सेक्टर-6 हुडा मार्केट
4. मान कॉलोनी मार्केट
5. हांसी रोड मार्केट, गली नंबर 8 से 12 तक
6. नेहरू पैलेस मार्केट
7. कुंजपुरा रोड मार्केट
8. सेक्टर 13 हुडा मार्केट
9. सेक्टर 12 हुडा मार्केट
10. सेक्टर 9 हुडा मार्केट
11. सेक्टर 9 अमर मार्केट
12. आरके पुरम कुंजपुरा रोड मार्केट
13. पाल नगर मार्केट
14. रामनगर मार्केट
15. प्रेम नगर मार्केट
16. छोटी मार्केट सदर बाजार
17. कर्ण गेट
18. सर्राफा बाजार
19. मेरठ रोड मार्केट, बूटा सिंह कॉलोनी के पास