संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जीटी रोड पर एक कार चालक ने मंगलवार रात मां-बेटी को कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तरावड़ी निवासी नरेश कुमार ने बताया कि एक मार्च की रात उसके चाचा के बेटे सागर का उसके पास फोन आया और बोला कि वह और उसकी पत्नी आरती और बेटी हिमांशी किसी काम से करनाल गए थे। इस समय वे जीटी रोड पर विवान होटल के समीप खड़े हैं। वह उन्हें लेने आ जाए। वह उन्हें लेने के लिए विवान होटल के समीप चला गया। वह जब उनके पास पहुंचा तो सड़क किनारे उसका भाई सागर, उसकी पत्नी आरती और ढाई साल की बेटी हिमांशी भाभी की गोद में थी। उसने वहां पर बाइक खड़ी की और लघुशंका करने के लिए चला गया। इसी दौरान एक तेजरफ्तार आई कार ने उसकी भाभी आरती व गोद में ढाई साल की बेटी हिमांशी को टक्कर मार दी। जिससे वे कार के आगे गिर गए और कार का टायर उनके ऊपर ये गुजर गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी तरसेम कांबोज ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।