संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा दिवस के मौके पर शहर के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने हरियाणवी लोकगीतों, रागनियों और स्किट के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति व समृद्धि को बखूबी प्रदर्शित किया। मंच पर बच्चों की प्रस्तुति ने सभागार में मौजूद लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। समारोह में पांच तरह की प्रतियोगिताओं रंगोली, चित्रकला, रागनी, मूर्तिकला और समूह नृत्य में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
हरियाणा दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से राज्यपाल असीम कुमार घोष का लाइव संबोधन भी सभी ने सुना। इस दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दीं और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं पर अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुति देने पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को सम्मानित भी किया।
समारोह में उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, एसडीएम अनुभव मेहता, नगराधीश मोनिका और एमडी चीनी मिल अदिति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पहले से काफी समृद्ध हुआ हरियाणा : विधायक
मुख्य अतिथि विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि प्रदेश में पिछले करीब छह दशकों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश का बजट एक लाख करोड़ से ज्यादा पहुंच गया है। हर 20 किमी की दूरी पर सरकारी कॉलेजों की स्थापना की जा रही है। नए मॉडल संस्कृति स्कूल बनाए गए हैं। स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी प्रदेश ने काफी तरक्की की है। सरकारी अस्पतालों में रोगियों के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रतियोगिताओं के परिणा- रंगोली : जीजीएसएसएस इंद्री प्रथम, जीजीएमएसएसएस रेलवे रोड द्वितीय, जीजीएसएसएस मॉडल टाउन तृतीय।
- चित्रकला : जीजीएमएसएसएस रेलवे रोड प्रथम, पीएमश्री जीएसएसएस औंगद द्वितीय, जीएमएसएसएस काछवा तृतीय।
- रागनी : पीएमश्री जीएसएसएस इंद्री प्रथम, जीजीएसएसएस रेलवे रोड द्वितीय, जीएमएसएसएस निसिंग तृतीय।
- मूर्तिकला : जीजीएचएस सेक्टर-13 प्रथम, जीएमएसएसएस निसिंग द्वितीय, पीएमश्री जीएसएसएस जुंडला तृतीय।
- समूह नृत्य : जीजीएसएसएस निसिंग प्रथम, जीजीएसएसएस रेलवे रोड द्वितीय, जीएसएसएस बीबीपुर जाटान तृतीय।