फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरहद पार से साजिश: नशे के साथ पिस्टल और कारतूस बतौर ‘स्पेशल गिफ्ट’ भेज रहा पाकिस्तान

Sat, 07 May 2022 10:20 AM IST
निवेदिता वर्मा मोहित धुपड़, अमर उजाला, करनाल

सार

करनाल में बृहस्पतिवार को पाकिस्तान बैठे बब्बर खालसा के आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के चार आतंकियों को पिस्टल, कारतूस, आईईडी समेत अन्य विस्फोटक सामग्री और सवा लाख से अधिक नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया है। चारों पंजाब के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान से भेजी गई पिस्टल पर लिखा होता है स्पेशल गिफ्ट - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सरहद पार से पाकिस्तान में बैठे आतंकी नशे के साथ-साथ यहां अपने तस्कर साथियों के लिए पिस्टल और कारतूस ‘स्पेशल गिफ्ट’ के रूप में भेजते हैं। भारत-पाक सीमा पर पंजाब क्षेत्र में सर्च के दौरान बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स को जितनी भी पिस्टल बरामद हुई हैं, उन पर विशेष रूप से ‘स्पेशल गिफ्ट’ शब्द लिखा हुआ है। इसी साल जनवरी से अप्रैल तक चलाए गए विशेष सर्च अभियान में फोर्स को ये पिस्टल और कारतूस उस पैकेट में मिले हैं, जिसमें सरहद पार से नशा लपेटकर भारतीय सीमा के खेतों में फेंका गया था।

विज्ञापन


इतना ही नहीं पाक सीमा से जो पिस्टल मिली हैं, उनमें कुछेक पिस्टल चीन निर्मित भी हैं। यानी नशे की सप्लाई करने में चीन निर्मित ड्रोन का इस्तेमाल तो हो ही रहा है, अब देश में दहशत फैलाने के लिए चीन निर्मित पिस्टल की सप्लाई भी सरहद पार से की जा रही है मगर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की मुस्तैदी के चलते इन चीन निर्मित ड्रोन, पिस्टल, कारतूसों व विस्फोटकों की बरामदगी से आतंकियों के नापाक मंसूबे नाकाम हुए हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पाक से नशे के साथ भेजे गए पिस्टल और कारतूस यहां सक्रिय तस्करों के लिए होते हैं। जबकि अन्य विस्फोटक सामग्री उन्हें आगे बताए गए ठिकानों तक पहुंचानी होती है।

करनाल में भी बृहस्पतिवार को पाकिस्तान बैठे बब्बर खालसा के आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के चार आतंकियों को पिस्टल, कारतूस, आईईडी समेत अन्य विस्फोटक सामग्री और सवा लाख से अधिक नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया है। चारों पंजाब के रहने वाले हैं। एनआईए, आईबी समेत चार राज्यों की पुलिस इन आतंकियों को खंगालने में जुट गई है। इनमें पास से भी जो पिस्टल, कारतूस और विस्फोटक सामग्री मिली है, वे कहां पहुंचानी थी और इसके पीछे मकसद क्या था, जांच एजेंसियां इसका पता लगा रही हैं।

तस्करी रोकने के लिए मजबूत होगा खुफिया तंत्र

पाक सीमा से सटे पंजाब, जम्मू और कश्मीर क्षेत्र में सबसे ज्यादा हथियारों और नशे की तस्करी होती है। इसलिए तस्करी को रोकने के लिए इस क्षेत्र में खुफिया तंत्र को और मजबूत बनाने के प्रयास शुरू किए जा चुके हैं। इसके चलते बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स पंजाब फ्रंटियर ने विगत दिनों यह घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति सीमा पार से आने वाले नशे, हथियारों और ड्रोन की जानकारी देगा, उसे एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। मुखबिर की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी। इसके लिए फ्रंटियर ने बाकायदा संपर्क नंबर 9417809047 व 01812233348 जारी किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें