माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/घरौंडा। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल रांवर निवासी सूरजभान (42) की तीन दिन बाद बुधवार को मौत हो गई। दिवाली से एक दिन पहले वे गंजोगढ़ी गांव से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। गंजोगढ़ी के पास बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। इससे वे जमीन पर गिर गए और सिर में गहरी चोट आई। परिवार का आरोप है कि लोगों ने एंबुलेंस को कॉल किया था लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची तो निजी वाहन से उन्हें अस्पताल लाया गया। समय पर प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण उनकी मौत हुई है।
मृतक के बेटे बंटी ने बताया कि पिता सूरजभान टेंपो व ऑटो चलाकर घर का गुजारा चलाते थे। हादसे के बाद उनके सिर पर गहरी चोट आई थी और खून सिर में जम गया था। डॉक्टरों ने तीन दिन तक लगातार इलाज किया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। परिवार का आरोप है कि अगर टक्कर मारने वाले बोलेरो का ड्राइवर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचा देता या एंबुलेंस समय पर आ जाती तो उनकी जान बच जाती। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि बोलेरो गाड़ी किसी गुरुद्वारे का सेवा वाहन था। वे तीन भाई-बहन हैं, दो बहनें और वह अकेला बेटा है। सूचना मिलते ही घरौंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।