संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। भाई-बहन के प्रेम का त्योहार भाई दूज सराफा बाजार में नई चमक लेकर आया है। शहर के सराफा की दुकानों पर मंगलवार को दिनभर रौनक रही। बहनों ने भाइयों के लिए चांदी की चेन, ब्रेसलेट और सिक्के खरीदे, वहीं खुद के लिए ईयररिंग, रिंग और पेंडेंट की डिमांड सबसे ज्यादा रही। व्यापारियों के अनुसार, इस बार त्योहार से पहले ही ज्वेलरी की बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चांदी और हल्के वजन वाले सोने के जेवरात की मांग ज्यादा रही।
व्यापारियों का कहना है कि दिवाली और भाई दूज के बीच के दिनों में सेल सीजन का पीक होता है। इस बार बाजार में थाईलैंड से आए नए डिजाइन के ईयररिंग और ब्रास मेटल के ब्रेसलेट खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस बार चांदी की चेन, सिक्के और ब्रेसलेट की बिक्री में उछाल है। 500 से 2000 रुपये तक के गिफ्ट आइटम सबसे ज्यादा बिके हैं। बाजार में खरीदारी करने आए सागर ने कहा कि बहन को जो उपहार चाहिए वह देने के लिए दुकान पर ही लेकर आए, ताकि वह अपनी पसंद से उपहार खरीद सके। बहन ने कानों के छोटे ईयररिंग पसंद किए जो दिखने में सिंपल लेकिन यूनिक हैं इनकी कीमत 500 रुपये है।
राज ज्वेलर के संचालक चिराग ने बताया कि त्योहार पर ज्वेलरी खरीदने में लोग ऑफलाइन ही प्राथमिकता दे रहे हैं ताकि डिजाइन देखकर खरीद सकें। शहर के कई शोरूम पर बहनों की भीड़ लगी रही। उनके अनुसार, इस बार युवा पारंपरिक से ज्यादा मॉडर्न डिजाइन पसंद कर रहे हैं। बहनें भी भाइयों को सिंपल लुक में चांदी की गले की चेन उपहार में दे रही हैं जिसकी कीमत हजार रुपये से शुरू होती है।
मेहता सन्स सराफ रंबा वाले से जोगिंद्र मेहता ने बताया कि इस बार हल्के डिजाइन भाई अपनी बहन को उपहार देने के लिए खरीद रहे हैं। इनमें चांदी के साथ-साथ, आर्टिफिशियल और मेटल धातु के जेवरात की खरीदारी अधिक हो रही है। इस बार बैंगकाक से आए लेटेस्ट डिजाइन वाले कानों के ऊपरी भाग में पहने वाले ईयररिंग की खूब मांग हो रही है। बहनें खास तौर पर अपने भाइयों से इसकी मांग कर रही हैं।
सराफा बाजार में खरीदारी करने आए वीरेंद्र ने बताया कि इस बार मॉडर्न लुक में भी साधारण ब्रेसलेट कई वैराइटी में आ रहे हैं। बहन पिछले कई महीनों से मांग कर रही थी कि उसे ब्रेसलेट चाहिए। आज इस मौके पर उसे यह उपहार देने वाला हूं। कीमत भी करीब 1500 रुपये है जिससे बजट के अंदर आ गया है। खरीदने से पहले बहन को वीडियो कॉल पर दिखाया तो उसे भी खूब पसंद आया।