करनाल। कार में सवार पूंडरी के हाबड़ी गांव निवासी एक रिटायर्ड रोडवेज कर्मचारी के परिवार को तेज रफ्तार टैंपो ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। शिकायतकर्ता रामज्वारी ने थाना निसिंग पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बेटी चीनू शर्मा और पत्नी संतोष देवी के साथ अपनी कार में सवार होकर करनाल की ओर जा रहे थे।
सुबह करीब 9:30 बजे जैसे ही वे निसिंग सरकारी अस्पताल के पास पहुंचे, एक पानी का टैंपो तेज गति से आकर गली से निकला और लापरवाही से उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी संतोष देवी और बेटी चीनू को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें पहले निसिंग अस्पताल फिर कल्पना चावला अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। संतोष देवी को आईसीयू में भर्ती कराया गया, जबकि चीनू को दो दिन बाद छुट्टी मिली। रामज्वारी ने टैंपो चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। संवाद