- पिता की बाइक लेकर घर से निकला था केशव, गुल्लरपुर रोड पर घायल मिला
- शुरुआती जांच में किसी वाहन की बाइक से टक्कर होने की बात आई सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। निसिंग-गुल्लरपुर रोड पर बुधवार रात 13 वर्षीय किशोर केशव गर्ग घायल अवस्था में मिला। वह रात करीब आठ बजे अपने पिता की बाइक लेकर घर से निकला था। कुछ देर बाद परिजनों को उसके घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचने की सूचना मिली। परिजन अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने दो अज्ञात युवकों पर केशव को पीटने और रॉड से उसकी बाइक तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, शुरुआती जांच में सड़क हादसे में किसी वाहन की टक्कर लगने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक के परिजन जयनारायण और राकेश ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात केशव पिता की बाइक लेकर घर से निकला था। कुछ समय बाद परिजनों को फोन आया कि केशव अस्पताल में भर्ती है। परिजन विर्क अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, घटना गुल्लरपुर रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला वाहन चालक ही घायल किशोर को अस्पताल लेकर पहुंचा था। इसके बाद वह वहां से चला गया।
परिजनों का आरोप है कि दो अज्ञात युवकों ने केशव को पीटा और रॉड से उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया था। परिजनों के अनुसार बाइक भी टूटी हुई हालत में मिली है। हालांकि, पिटाई और बाइक तोड़ने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
अस्पताल पहुंचाने वाले की तलाश
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम गृह भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस गुल्लरपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उस वाहन और चालक की पहचान की जा सके, जिसने किशोर को अस्पताल पहुंचाया था। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि घटनास्थल के आसपास लगे कुछ सीसीटीवी कैमरे भी टूटे हुए मिले हैं। ऐसे में वारदात के समय की फुटेज मिलना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है।