- आरोपियों ने प्रत्येक युवक के लिए मांगे थे 20-20 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। विदेश भेजने के नाम एक व्यक्ति से 13.07 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की भी धमकी दी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी बीरबल गांव निवासी रामपाल ने इंद्री थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि नीरज कुमार व बलराम निवासी रादौर ने नजदीक सरकारी स्कूल यमुनानगर में दी टापर के नाम से विदेश भेजने के लिए कार्यालय खोल रखा है। दोनों आरोपी उसे किसी के माध्यम से मिले और उन्होंने उससे कहा कि वे सही तरीके से विदेश भेजने का काम करते हैं। यदि किसी को विदेश भेजना है तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
उसके बाद उसने अपने बेटे रमन कुमार, मामा के बेटे साहिल सांगवान व अन्य को विदेश भेजने की बात की तो आरोपियों ने उससे प्रत्येक युवक के 20-20 लाख रुपये मांगे। उससे पहले पांच लाख रुपये प्रति व्यक्ति पहले देने की बात की और बाकी भुगतान काम होने के बाद देने को कहा। उन्होंने आरोपियों पर विश्वास कर तीन युवकों के नाम के हिसाब से 15 लाख रुपये और तीनों के पासपोर्ट भी अक्तूबर 2022 में दे दिए। उन्होंने उससे दो माह का समय मांगा, लेकिन उसके बावजूद उन्होंने काम नहीं किया तो उन्होंने आरोपियों से रुपये वापस मांग लिए। उन्होंने आठ बार में एक लाख 92 हजार 600 रुपये वापस दे दिए और शेष 13.07 लाख रुपये चेक के रूप में वापस दिए, लेकिन उन्होंने चेक लगाए तो वे फर्जी निकले। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से बात की तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।