तरावड़ी। तरावड़ी अनाज मंडी प्रधान ने मार्केट कमेटी चेयरमैन पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। इससे आढ़तियों में रोष फैल गया। तरावड़ी मंडी के आढ़तियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए चेयरमैन के इस्तीफे की मांग की। मंडी बंद करने का एलान कर दिया। नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने दोनों पक्षों की बैठक बुलाकर मामला शांत किया।
मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता ने बताया कि वीरवार को अनाज मंडी में चंडीगढ़ से आयुक्त खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। ज्ञानी ट्रांसपोर्टर ने पिछले साल की माल ढुलाई के भुगतान न मिलने की बात कही। आगे काम करने में असमर्थता जताई। चेयरमैन रणदीप ने टिप्पणी कर दी कि इन लोगों के पैसे नहीं आने चाहिए और इन्हें अंदर कर देना चाहिए। उन्होंने विरोध जताया था।
सुभाष गुप्ता का आरोप है कि रात करीब 8 बजे मार्केट कमेटी कार्यालय में जब वे अपना स्कूटर लेने गए तो चेयरमैन ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
शुक्रवार को आढ़तियों के काम बंद करने का एलान करने की सूचना पर नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। विधायक ने शाम को दोनों पक्षों को बुलाकर फिर बैठक की। दो घंटे की बैठक के बाद मामला सुलझा लिया गया। विधायक सहित सभी लोग मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता की दुकान पर पहुंचे। गलती मानकर मामले को सहमति से शांत कर दिया गया।