हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में चल रही राष्ट्रीय फुटसल चैंपियनशिप में बृहस्पतिवार को तेलंगाना की टीम ने तमिलनाडु को 2-0 से हराकर बाजी अपने नाम की। प्रतियोगिता में तमिलनाडु के खिलाड़ी एस भारतराज को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया तथा हृदय पराग को गोल्डन बूट के खिताब से नवाजा गया।
आईपीएस सुमन मंजरी ने विजेता टीम को पुरस्कृत कर बधाई दी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले करनाल के तेजिंद्र व जिला गुड़गांव के जय का नेशनल टीम में चयन होने पर आईपीएस मंजरी ने बधाई दी। पंकज नैन एसपी करनाल ने भी विजेता खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
दूसरे दिन फुटसल प्रतियोगिता की शुरुआत सेमीफाइनल मुकाबलों से हुई। पहले मुकाबले में तेलंगाना ने महाराष्ट्र को 3-2 से हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में तमिलनाडु ने आंध्र प्रदेश को 5-0 से मात दी। इसके बाद फाइनल मुकाबला तेलंगाना व तमिलनाडु के बीच हुआ। इसमें तेलंगाना ने एक कड़े मुकाबले में तमिलनाडु को 2-0 से हराकर फुटसल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इस मौके पर एचपीए मधुबन के आईजी, फुटसल एसोसिएशन के चेयरमैन, बुरेनो कुटेनो व सहसचिव जसविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।