माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सदर बाजार स्थित रघुनाथ मंदिर के पास एक कपड़े की दुकान में रविवार को दो महिलाओं ने करीब 10 से 12 हजार रुपये के महंगे सूट चोरी कर लिए। दुकान में त्योहारी सीजन के लिए महंगे कपड़े रखे थे। अब सीसीटीवी की जांच की गई तो चोरी का खुलासा हुआ है।
दुकानदार ने बताया कि चोरी की घटना के समय दुकान में सात से आठ ग्राहक मौजूद थे। तभी दो महिलाएं थैला लेकर दुकान में आईं। उनसे थैला बाहर रखने को कहा गया था, इसके बाद भी एक महिला थैला अंदर लेकर आ गई। उसने शॉल के नीचे कपड़े छिपा दिए। दुकानदार ने बताया कि महिलाओं ने खुद सामान निकालकर देखा और थैले में डालते समय बार-बार कैमरे की रेंज चेक कर रही थीं कि कौन से एरिया में कैमरा नजर रख रहा है। अब स्टॉक चेक करने पर उन्होंने देखा कि हाल ही में आए चार नए रंगों और फैब्रिक में से दो रंग के सूट गायब थे। शक होने पर सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता चला कि वही महिलाएं फैबरिक चोरी कर गई थीं।
चोरी के समय उनके साथ एक बच्चा भी था। जिन सूट को महिलाओं ने उठाया, उनकी कीमत करीब 12 हजार रुपये है। उन्होंने थाना शहर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थाना शहर के प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।