करनाल। शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए टैबलेट दिए हैं। परीक्षाएं संपन्न होने के साथ ही 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अपना टैबलेट जमा कराना होगा। राजकीय स्कूलों में कक्षा 10वीं, 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को करीब 28600 टैबलेट दिए हुए हैं। वहीं 10वीं और 11वीं के जिन विद्यार्थियों ने स्कूल बदलना है, उन्हें भी टैबलेट वापस देना होगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं अगले सप्ताह तक संपन्न हो जाएंगी। इसलिए विभाग की ओर से सभी विद्यार्थियों को परीक्षा के बाद टैबलेट जमा कराने के लिए कहा गया है। अंतिम परीक्षा के दो दिन बाद तक टैबलेट जमा कराना होगा। अन्यथा विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम रोक दिया जाएगा। इसी तरह 10वीं कक्षा के विद्यार्थी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ते हैं और उसी स्कूल में 11वीं कक्षा में दाखिला लेंगे तो उन्हें टैबलेट जमा कराने की आवश्यकता नहीं है। यदि विद्यार्थी सेकेंडरी स्कूल में पढ़ते हैं तो उन्हें टैबलेट जमा कराने होंगे।
यदि किसी विद्यार्थी से टैबलेट गुम हो गया है, या टूट गया है, खराब हो गया है तो उस विद्यार्थी को टैबलेट दोबारा नहीं दिया जाएगा। टूटा हुआ और खराब टैबलेट वापस जमा कराना होगा यदि टैबलेट गुम हुआ है तो उसकी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करानी होगी और स्कूल के मुखिया को उस एफआईआर की कॉपी भी देनी होगी।
कुछ टैबलेट खराब व चोरी हो चुके
शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को जो टैबलेट दिए हैं, उनमें से कुछ टैबलेट चोरी हो चुके हैं, खराब हो चुके व टूट भी गए हैं। कुछ टैबलेट में सॉफ्टवेयर की समस्या आई है। इन टैबलेट में से जो टैबलेट ठीक हुए हैं, उन्हें वापस विद्यार्थियों को दिया गया है, जो ठीक नहीं हुए हैं उन्हें मुख्यालय में भेज दिया गया है। कुछ शरारती विद्यार्थी टैबलेट में बाहर से सोशल मीडिया एप फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, अपलोड कराकर चलाते हैं, तो कई विद्यार्थियों ने गेम डाउनलोड की है।
वर्जन
सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को करीब 28600 टैबलेट दिए गए हैं। वार्षिक परीक्षाएं अंतिम चरण में हैं। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को शीघ्र अपने टैबलेट जमा कराने होंगे। - सुदेश ठुकराल, जिला शिक्षा अधिकारी