फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: सीएम बोले- नशे को खत्म करने के लिए नियम कानूनों को बदलने के लिए भी तैयार, दो ऐप किए लांच

Mon, 27 Jun 2022 02:26 AM IST
भूपेंद्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, मधुबन, करनाल (हरियाणा)

सार

कार्ययोजना से संबंधित पुस्तिका का मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विमोचन किया। सीएम बोले कि नशे को खत्म करने के लिए नियम कानूनों को बदलने के लिए भी तैयार हैं। 
विज्ञापन
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल। - फोटो : @mlkhattar
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को नशा मुक्त अभियान की राज्य कार्य योजना (एक्शन प्लान) को सार्वजनिक कर एक पुस्तिका का विमोचन किया। साथ ही नशा तस्करों से लेकर नशा बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए प्रयास और साथी नाम से दो ऐप लांच किए गए। कार्यक्रम का आयोजन मधुबन पुलिस अकादमी के हर्षवर्धन ऑडिटोरियम में हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की ओर किया गया। 

विज्ञापन


करनाल में मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा व्यक्ति को खोखला कर खत्म कर देता है। उन्होंने नशा तस्करों की तुलना आतंकवादी से की। साथ ही ऐसे लोगों को कठोर दंड की वकालत की। उन्होंने कहा कि एक्शन प्लान तैयार कर प्रदेश में नशे के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़ी गई है

योजना के क्रियान्वयन के समय यदि कोई अड़चन आए, कोई नियम कानून बदलने की जरूरत हो तो उसके लिए भी सरकार तैयार है। इस राज्य कार्य योजना में नशे से ग्रस्त व्यक्ति की पहचान करके उसे उचित परामर्श और चिकित्सा देकर उसका पुनर्वास किया जाना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अब सरकार, एनजीओ और समाज के सभी लोग मिलकर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। 
विज्ञापन


हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने सभी विभागों के सहयोग एवं जन भागीदारी के साथ समाज से नशे और नशे के व्यापार को जड़ से समाप्त करने तथा एक ठोस और सामूहिक प्रयास को क्रियान्वित करने के लिए राज्य कार्य योजना तैयार की है। इस संबंध में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का संदेश भी प्रसारित किया गया। वहीं शास्त्रीय गायक स्वर्गीय पंडित जसराज की पुत्री दुर्गा जसराज का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया।

बाद में मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया, नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी व असंध के एसडीएम मनदीप कुमार तथा सदस्य सचिव सत्यवान ढिलोड भी मौजूद थे।

स्कूल कॉलेजों में शुरू होंगे धाकड़ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए उक्त एक्शन प्लान के तहत स्कूल, कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में धाकड़ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। धाकड़ यानी हिम्मत वाला व्यक्ति। उन्होंने कहा कि क्लास के पांच बच्चों का एक ग्रुप बनाया जाएगा, जो सुस्त, एकाकी रहने वाले व चोरी छिपे नशा करने वाले बच्चे की पहचान करेंगे। उसकी सूचना क्लास टीचर यानी सीनियर धाकड़ को देंगे। सीनियर धाकड़ इसकी रिपोर्ट नोडल धाकड़ यानी अपने प्रिंसिपल/हेड मास्टर को करेंगे। इसके क्रियान्वयन और सुपरविजन के लिए राज्य, जिला, उपमंडल, कलस्टर और गांव/वार्ड स्तर पर मिशन टीमें, नशे से ग्रस्त व्यक्ति की काउंसिलिंग, उपचार व पुनर्वास के लिए काम करेंगी। 

कहां कितनी टीमें, कितने कलस्टर
राज्य कार्ययोजना के तहत गांव स्तर पर 6538 टीमें, वार्ड मिशन की 1710 टीमें, 532 कलस्टर टीम, 72 सब डिवीजन टीमें, 22 जिलो में जिलास्तर की टीमें और 25 हजार केमिस्टों की टीम एक्शन प्लान के तहत काम करेगी। 

सीएम ने पुलिस कर्मियों को दिलाई नशा न करने की शपथ
मुख्यमंत्री ने इस मौैके पर ऑडोटोरियम में मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वयं नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने की प्रेरणा देने की शपथ दिलाई। रिमोट का बटन दबाकर हांसी निवासी गायक सुभाष फौजी द्वारा रचित नशे के खिलाफ गीत का प्रसारण किया।

विज्ञापन

अनिल विज - फोटो : फाइल फोटो
नशे पर हर रोज करना होगा प्रहार : अनिल विज  
मधुबन पुलिस अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज पहुंच तो नहीं पाए लेकिन वर्चुअल प्लेट फार्म से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल एक विशेष दिन मनाने तक ही सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर रोज नशे पर प्रहार करना होगा। कार्य योजना के तहत सभी सरकारी विभाग, समाज के सभी अंग मिलकर नशे के खिलाफ जन आंदोलन चलाएंगे। इसके लिए नशा मुक्त सेंटर चलाने के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग नशे के व्यापार में संलिप्त है, उनके साथ भी सख्ती से निपटा जाएगा। हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का एक्शन प्लान अभेद्य है। प्रदेश के 10 जिले गंभीर रूप से नशे की चपेट में है। उनमें नशे के खात्मे के लिए सबको मिलकर काम करना है। 

एक्शन प्लान से 18 विभाग जुड़े 
एक्शन प्लान की स्टेट मिशन टीम के अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि प्लान से स्वास्थ्य, मेडिकल शिक्षा, गृह, आबकारी एवं कराधान तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता जैसे करीब 18 विभाग जुड़े हैं। प्रदेश को नशामुक्त करने के लिए प्लान अपना काम करेगा, लेकिन उसके लिए नशेड़ी व्यक्ति के परिवार को भी नशा छुड़वाने के लिए अपना दायित्व पूरा करना होगा।

करनाल सहित 10 जिले नशे से प्रभावित : डीजीपी
पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के एक सर्वे के अनुसार देश के 272 जिले और हरियाणा के करनाल सहित 10 जिले नशे से प्रभावित बताए गए हैं। इसे रोकने के लिए सभी को मिल जुलकर एक प्लेटफार्म पर आने की आवश्यकता है। उम्मीद है कि ब्यूरो के इस प्रयास से प्रदेश नशा मुक्त हो पाएगा।

कोई भी बुराई इनफोर्समेंट से खत्म नहीं हो सकती : एडीजीपी
हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अध्यक्ष एवं एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने कहा कि कोई भी बुराई इनफोर्समेंट से खत्म नहीं होती, इसलिए ब्यूरो के एक्शन प्लान में नशे से ग्रस्त व्यक्ति के पुनर्वास पर ज्यादा फोकस किया गया है। इसके लिए गांव, कलस्टर, उपमंडल व जिला स्तर पर गठित समितियां काम करेगी। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, सीएमओ व डीएसडब्ल्यूओ मोनिटरिंग का काम करेंगे। इनके उपर स्टेट लेवल की कमेटी है, उसकी मॉनीटरिंग के लिए मुख्य सचिव है। सबसे ज्यादा ध्यान युवाओं पर दिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें