नगर निगम करनाल स्मार्ट सिटी की आगामी प्रपोजल की तैयारियों में जुट गया है। इसको लेकर जहां नगर निगम शहर में सफाई के साथ-साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहा है तो दूसरी ओर अभी से अपने प्रपोजल पर काम शुरू कर दिया है। हालांकि, निगम को 31 दिसंबर तक अपना प्रोजेक्ट दाखिल करना है। इसके लिए अभी से निगम ने एक कंसलटेंसी कंपनी के लिए भी प्रयास शुरू कर दिए हैं। बता दें कि करनाल की तरफ से अब दो बार स्मार्ट सिटी का प्रपोजल बनाकर भेजा गया है, लेकिन दोनों ही बार परीक्षा में करनाल पास नहीं हो पाया है। अब तीसरी बार नगर निगम ने अपने प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है।
सुधरेंगे शहर के पार्क
इसे लेकर शहर के विभिन्न वार्डों के पार्कों का कायाकल्प किया जा रहा है। हाल ही में न्यू प्रेम नगर स्थित कशमीरा सिंह पार्क पर 13.50 लाख रुपये की राशि खर्च करके इसका नवीनीकरण किया गया है। नगर निगम के आयुक्त डॉ. आदित्य दहिया के अनुसार न्यू प्रेम नगर के पार्क में कुछ महीने पहले बदहाली का आलम था, जिसका अब स्वरूप ही बदल गया है। इस पार्क में छह हाई मास्ट लाइटें लगाई गई हैं। फाउंटेन व झूले लगाने से पार्क की सुंदरता बढ़ गई है, जबकि वार्ड नंबर-11 में बने करीब विभिन्न पार्कों का रिजूविनेशन करने के लिए टेंडर छोड़े गए हैं, जल्द ही इन पर करीब 20 लाख रुपये की राशि खर्च करके कार्य शुरू करवाएं जाएंगे।
अतिक्रमण पर बोला हमला
दूसरी ओर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए अवैध विज्ञापन बोर्डों और अतिक्रमण पर निगम ने हमला बोल दिया है। पिछले चार दिन से लगातार निगम की टीम इस पर काम कर रही है और सड़कों पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। हालांकि, बाजारों के अंदर अब भी अतिक्रमण है। सड़कों पर बाहर फड़ी लगी हुई हैं और दुकानदारों ने काफी मात्रा में सामान सड़कों पर ही रखा हुआ है। इस बारे में निगम के आयुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि स्मार्ट सिटी के लिए प्रपोपल पर काम शुरू कर दिया गया है। तीसरी बार हमारी कोशिश होगी कि इस परीक्षा में पास हों। इससे पहले, जमीनी स्तर पर शहर को सुधारने का कार्य जारी है।