संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। डायरिया का प्रकोप जारी है। यह इस साल अब तक 15 लोगों की जान ले चुका है जिनमें 12 बच्चे, एक महिला और दो पुरुष हैं। शुक्रवार को भी सैनी कॉलोनी के पांच वर्षीय विजय की उल्टी-दस्त से मौत हुई। स्वास्थ्य विभाग ने मौत के कारणों को जानने के लिए विजय समेत चार लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। एक बच्चे और दो लोगों के शवों के पोस्टमार्टम करीब एक महीने पहले कराए थे। इनकी विसरा रिपोर्ट आज तक नहीं मिल पाई है। स्वास्थ्य विभाग पानी की सप्लाई ठीक करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर पल्ला झाड़ रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी चुप्पी साधे हुए है।
जिला में डायरिया लगातार बढ़ रहा है। ज्यादातर बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। 10 वर्ष से कम आयु के 10 बच्चे की डायरिया से पांच महीने में मौत हो चुकी है। वहीं खलीला के मोहित, गंगापुरी रोड के अष्टदेव, बाबरपुर मंडी के नीरज तीनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट लगभग एक महीना होने को आया है अभी तक विसरा से नहीं आई है या विभाग बता नहीं रहा है इसका अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पांच माह में उल्टी-दस्त से हुई मौतें
-21 जून बिंझौल से एक वर्षीय बच्चा
-27 जून विकास नगर से दो वर्षीय बच्चा
-27 जून रसलापुर से 18 वर्षीय मोमिना
-30 अगस्त बाबरपुर से ढाई वर्षीय अरनव
- 31 अगस्त महावीर कॉलोनी से तीन वर्षीय रानिश
-31 अगस्त सैनी कॉलोनी से तीन वर्षीय वंश
-07 सितंबर देशराज कॉलोनी से दो वर्षीय तरुण
-08 सितंबर देशराज कॉलोनी से पांच वर्षीय आकाश और 40 वर्षीय रेशा
-09 सितंबर खलीला से 24 वर्षीय मोहित
-10 सितंबर गंगापुरी रोड से 19 वर्षीय अष्टदेव
-11 सितंबर बाबरपुर मंडी से नौ वर्षीय नीरज
-16 सितंबर गढ़ी बेसिक से तीन वर्षीय रहीमा
-18 सितंबर सिवाह से जयभगवान
-03 अक्तूबर सैनी कॉलोनी से पांच वर्षीय विजय
स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार पानी के नमूने ले रही है। खलीला, गंगापुरी रोड और बाबरपुर मंडी के नीरज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट करनाल विसरा से अभी नहीं आई है उनका इंतजार है।
- डॉ. विजय मलिक, सीएमओ पानीपत