संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100वें स्थापना दिवस पर पानीपत समेत कई जगह शस्त्र पूजन और पथ संचलन का आयोजन किया गया। जिले के कुराड, बराना, रिफाइनरी, गांजबड़, उरलाना, सुताना, अलुपुर, अहर, मतलोडा, नोल्था, डाहर, हथवाला, जोरासी, बिहोली गांव में शस्त्र पूजन व पथ संचलन कार्यक्रम किया गया। संघ की परंपरा के अनुरूप यह कार्यक्रम अनुशासन, संगठन और राष्ट्र भक्ति का सशक्त प्रदर्शन देता है। इस दौरान स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे। नगरवासियों ने इस पथ संचलन को देखकर न केवल संगठन की शक्ति का अनुभव किया, बल्कि समाज में एकता और सद्भाव का सशक्त संदेश भी प्राप्त किया। सिवाह गांव में राजकीय स्कूल से पथ संचलन कार्यक्रम शुरू किया गया।
राजगुरु उपनगर सेक्टर-24 क्षेत्र में वरिष्ठ प्रचारक रामेश्वर मुख्य वक्ता रहें। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की शक्ति, सद्गुण और संगठित चरित्र राष्ट्रीय एकता, अखंडता और विकास की गारंटी देते हैं। हिंदू समाज भारत के प्रति उत्तरदायी है। इस मौके पर ब्रिगेडियर यशपाल, दमन, डॉ. पवन कुमार, राजीव कुमार, कपिलदेव, राजिंदर सिंह व डॉ. नवीन सुनेजा मौजूद रहे।