संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। असंध में एक कंपनी का मार्का लगाकर नकली टी-शर्ट बेचने के मामले का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने दुकान पर छापामारी कर 202 टी-शर्ट भी बरामद की हैं। आरोपी दुकानदार असंध के वार्ड आठ निवासी विजेंद्र शर्मा के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विब्रो इंडिया डिटेक्टिव कंपनी नई दिल्ली के निदेशक एवं जांच अधिकारी राजस्थान के दोसा जिले के आशापुरा निवासी मुकेश माल ने पुलिस को इस बाबत शिकायत दी थी।
मुकेश माल का कहना है कि लक्स इंडस्ट्रीज लि. कोलकाता ने उसे नकली माल पर कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार दिया है। 11 जून को वह असंध के बाजार में सर्वे कर रहा था तभी पता चला कि डाक्टर सिंगला वाली गली स्थित हरिओम गारमेंट्स पर उनकी कंपनी का मार्का इस्तेमाल कर नकली माल बेचा जा रहा है। उसने तुरंत असंध थाना पुलिस को सूचित किया। पीएसआई विजेंद्र, एएसआई रणधीर व एसपीओ अशोक कुमार की टीम ने दुकान पर रेड की और जांच की तो फर्जी मार्का लगी 202 टी-शर्ट बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की गई है।