माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नवरात्र बीत चुके हैं, वीरवार से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो रहे हैं, जिसका इंतजार स्थानीय बाजार को भी है। यूक्रेन-रूस युद्ध के कारण सोने व चांदी पर भारी महंगाई के बावजूद खासकर सराफा बाजार को इस बार शहनाइयों के इस सीजन से खास उम्मीदें हैं। नवरात्र की खरीदारी से यह बात भी स्पष्ट हो गई है कि सोने की महंगाई को देखते हुए महिलाओं का रुझान डायमंड सेट की ओर बढ़ा है। सराफा बाजार ने भी इसे भांपते हुए अपनी तैयारियां की हैं। स्वर्ण बाजार में भी भार में कम लेकिन भारी दिखने वाले आभूषणों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। सिर्फ सराफा बाजार ही नहीं बल्कि शादियों के सीजन से कई अन्य कारोबार जैसे कपड़ा, जूता-चप्पल आदि से जुड़े बाजार में भी कारोबार बढ़ने की पूरी संभावना है।
ये हैं विवाह के शुभ मुहूर्त
अप्रैल माह में 14, 15,16, 19, 20, 21,22, 23, 24 एवं 27, मई में 2, 3, 4, 9, 10, 11,12, 16,17,18, 20, 21, 26, 27 और 31, जून में विवाह मुहूर्त 1, 6, 8, 10,11,13, 20,21, 23 और 24, जुलाई में 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9, 14, 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 30 और 31, अगस्त में 1, 2, 3, 4, 5, 9, 10, 11, 14, 15, 19, 20, 21, 28, 29, 30 एवं 31, सितंबर में 1, 4, 5, 6, 7, 8, 26 और 27 और दिसंबर 2022 में 2, 4, 7, 8, 9 और 14 दिसंबर को विवाह के लिए शुभ मुहूर्त हैं।
नवसंवत्सर से सराफा बाजार में रौनक लौटी है लेकिन आवश्यक खरीदारी ही हुई है, क्योंकि यूक्रेन-रूस युद्ध के कारण सोने के भाव लगातार बढ़े हैं, क्योंकि सोना विदेशों से ही आता है और इसके भाव भी अंतरराष्ट्रीय मार्केट पर आधारित होते हैं। इस महंगाई के बावजूद नवरात्र में खरीदारी ठीक रही है, शादियों के सीजन से बाजार को अधिक उम्मीदें हैं।
पंकज गोयल, सराफा बाजार करनाल
जब भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उथल पुथल होती है, तो मेटल्स तो तेज होते ही हैं। यही कारण है कि सोने पर भी महंगाई है। बाजार करीब दो माह से काफी कमजोर चल रहा था, लेकिन नवरात्र में खरीदारी ठीक रही है, जिससे अब शादियों के सीजन को लेकर सराफा कारोबारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीदें हैं। इतना जरूर है कि अब महिलाएं अधिक पहनी जाने वाले आभूषण व कम वजन लेकिन भारी दिखने वाले आभूषणों पर ध्यान केंद्रित कर रहीं हैं। एक खास बात ये भी सामने आई कि सोने पर महंगाई से भाव की समानता ने महिलाओं को डायमंड (हीरे) की ओर आकर्षित किया है। जिसमें दो से चार तोले तक डायमंड सेट बेहद पसंद किए जा रहे हैं। डिमांड को देखते हुए डायमंड सेट को विशेष तौर पर तैयार कराया गया है।
विकास बंसल, ओपीएस ज्वैल्स करनाल