संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/पिहोवा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की तरफ से जिले में पीने के पानी की व्यवस्था के लिए 18.76 लाख रुपये से सात परियोजनाएं तैयार की जाएंगी। इन परियोजनाओं में पिहोवा व बचगांव में ट्यूबवेल से कनेक्शन किए जाएंगे। पिपली व गुढ़ा गांव में बाउंड्री वाल बनाई जाएगी और गांव दुनिया माजररा, गुढी व संगोर में एसी व पीवीसी पाइप लाइन डाली जाएगी। इन परियोजनाओं टेंडर प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन कार्यों को शुरू किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पिहोवा शहर की जीएन कॉलोनी के लिए कनेक्शन किया जाएगा। इसी तरह बचगांव में पीने के पानी की व्यवस्था के लिए टयूबवेल से कनेक्शन किए जाएंगे। इसी तरह पिपली वाटर वर्क्स में 1.02 लाख रुपये से बाउंड्री वाल व सिफ्टिंग पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
दुनिया माजरा गांव में एसी व पीवीसी पाइप लाइन, पंप के लिए चैंबर को निर्माण व अन्य निर्माण कार्य किया जाएगा। गांव गुढ़ी में 4.08 लाख रुपये की राशि से डीआई पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इसी तरह संगोर में 4.32 लाख रुपये की लागत से डीआई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। गांव गुढ़ा में 4.76 लाख रुपये की लागत से वाटर वर्क्स की बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए 9 जनवरी को टेंडर बीड ओपन की जाएगी। इसके साथ ही आगे की प्रक्रिया को अमल में लाया जाएगा।