संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। नगरपालिका व पुलिस की टीम जेसीबी के साथ मंगलवार को कर्ण लेक व्यू के सामने की नगर पालिका की जमीन पर बने अवैध ढाबे को हटाने पहुंची। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालकों ने सामान हटाने और जगह खाली करने के लिए सात दिन का समय मांगा, जिसके बाद बिना तोड़फोड़ किए टीम वापस लौट गई। हालांकि, नगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में अगर जमीन खाली नहीं की गई, तो नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका सचिव धरमबीर सिंह ने बताया कि इंद्री-करनाल रोड पर यह भूमि नगरपालिका की कृषि भूमि है, जिस पर ढाबा संचालकों ने अवैध रूप से निर्माण कर कब्जा किया हुआ है। कब्जे को लेकर ढाबा संचालकों ने अदालत में मामला दायर किया गया था, लेकिन जुलाई 2025 में अदालत ने इसे खारिज कर दिया था। इसके बाद नगरपालिका की ओर से जमीन खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। कार्रवाई में नपा टीम बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट अर्पित धीमान और इंद्री पुलिस के साथ मौके पर पहुंची थी। ढाबा संचालकों ने सात दिन के भीतर निशानदेही कराकर नगरपालिका की जमीन खाली करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई।