कुरुक्षेत्र शहर की टूटी हुई सड़कों को लेकर भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को नगर परिषद में ज्ञापन सौंपा है। भाजपाइयों ने नगर परिषद के अधिकारियों से जल्द से जल्द टूटी सड़कों को दोबारा बनाने की मांग की है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष धुमन सिंह किरमिच ने परिषद के अधिकारियों को इसके लिए सात दिन का अल्टीमेटम भी दिया है।
किरमिच ने बताया कि शहर की अधिकतर सड़कें खस्ताहाल हो चुकी हैं। इन सड़कों में एक मुख्य सड़क जो रेलवे स्टेशन से सेक्टर-17 व शहर की ओर जाती है काफी खस्ताहाल है।
इस सड़क से रोजाना हजारों लोग रोजाना गुजरते हैं। इतना ही नहीं रेलवे स्टेशन से पर्यटक भी इसी सड़क से आते हैं परंतु सड़क की खस्ता हालत को देखते हुए पर्यटक स्टेशन से ही कन्नी काटने लगे हैं। धुमन सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र में तीन सांसद रहते हैं, जो शहर में विकास करवाने का ढिंढोरा पीटते हैं, लेकिन सच्चाई सबके सामने है।
भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि इन सड़कों को सात दिन के अंदर-अंदर नहीं बनाया गया तो पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आएंगे और जोरदार प्रदर्शन करेंगे। नगर परिषद के एमई अक्षय भारद्वाज को ज्ञापन देने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित रोहिला, गुलाब सिंह, पवन राणा, प्रवीण, विजय गर्ग, पवन छाबड़ा, सुमेर चौधरी, सुनील छाबड़ा, भूपेंद्र राणा आदि शामिल रहे।
सड़क का हो चुका है टेंडर : भारद्वाज
नगर परिषद के एमई अक्षय भारद्वाज ने बताया कि सड़क का टेंडर हो चुका है, लेकिन मौसम खराब होने के कारण काम शुरू करने में देरी हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हुडा के सेक्टर-17 में पानी की निकासी नहीं है। यहां पानी सड़क पर आने से सड़क टूटी है। जब तक पानी की निकासी नहीं होती तब तक सड़क टूटती रहेगी। उन्होंने हुडा विभाग से भी पानी की निकासी के लिए अपील की है।
हर रोज गिरते हैं वाहन चालक
पिछले कई महीनों से टूटी पड़ी सड़क पर कई वाहन चालक फिसल चुके हैं और अब बरसात के कारण सड़क पर पानी खड़ा हो गया है, जिससे खड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालकों के चोटिल होने का खतरा बन गया है।