कैथल/कलायत/गुहला-चीका। खेल एवं युवा मामले विभाग की ओर से विभिन्न खेल नर्सरियों के लिए ट्रायल शुक्रवार से शुरू हो गए। गुहला-चीका स्थित इंदिरा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में नेटबॉल, कैथल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मुंदड़ी में ट्रायल शुरू हुए। इनमें खिलाड़ी उत्साहित नजर आए।
कलायत के चौशाला स्थित सरकारी स्कूल में फुटबाल टीम के चयन के लिए ट्रायल लिया गया। जिला खेल विभाग द्वारा तय रूप रेखा अनुसार कोच बलविंदर और विनित की ओर से ग्राम पंचायत के माध्यम से पूरी की गई। इसमें 25-25 लड़के-लड़कियों का चयन हुआ जबकि 10-10 खिलाड़ियों को फिलहाल वेटिंग सूची में रखा गया है। प्रक्रिया की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को प्रेषित की गई है।
विज्ञापन
चौशाला गांव में फुटबॉल खेल नर्सरी की ट्रायल के लिए 3 अप्रैल का दिन निर्धारित किया गया था। खिलाड़ियों का चयन सरकार की नीति अनुसार किया गया। हरियाणा सरकार की तरफ से 8 वर्ष से 14 वर्ष के लिए 1500 रुपये और 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 2000 रुपये डाइट भत्ता मिलेगा।
उधर गांव बात्ता के खेल स्टेडियम में ट्रायल खराब मौसम के कारण से पूरा नहीं हो पाया। सूचना के मुताबिक 25 खिलाड़ियों का एथलेटिक्स में चयन किया गया है बाकी के ट्रायल शनिवार को पूरे किए जाऐंगे। खेल नर्सरियों से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल सामग्री, किट सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।