माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नशे की रोकथाम के लिए ड्रग्स अवेयरनेस सेल की ओर से वीरवार को डीएवी पीजी कॉलेज में सर्च अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशे से बचाने एवं सुरक्षित रखने के लिए प्राचार्य डॉ. रामपाल सैनी ने टीम बनाकर विद्यार्थियों के बैग, कमरे, बैठने के स्थान का निरीक्षण किया।
विदित हो कि अमर उजाला की ओर से युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान चलाकर नशे पर प्रहार किया गया था। इस दौरान डीएवी कॉलेज में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ था। अब संस्थान की ओर से क्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों ने नशे से बचाव के लिए जागरूकता रैली निकाली। जिसे प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कॉलेज प्रांगण से डॉ. आंबेडकर चौक बस स्टैंड होते हुए वापस कॉलेज पहुंची।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर, योग, व्यायाम,और सामाजिक गतिविधियों में अपने आपको व्यस्त रखना चाहिए ताकि दूसरे लोगों को भी इससे प्रेरणा मिले। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश की जिम्मेदार नागरिक है। उन्हें राष्ट्र की चिंता होनी चाहिए, इसलिए जरूरी है कि वह स्वस्थ, तंदुरुस्त रहें, तभी देश स्वस्थ भारत के सपने को पूरा करने में सहयोगी होगा। इस मौके पर उनके साथ राजकीय महिला महाविद्यालय करनाल के प्राचार्य एवं डीएचओ डॉ. सुभाष शर्मा, ड्रग्स अवेयरनेस सेल की संयोजक डॉ. अंशु जैन, डॉ. जितेंद्र चौहान, प्रो. ईना गुप्ता, प्रो. सोनम शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।