संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अवैध संबंधों के शक में पहले पत्नी फिर डेढ़ माह बाद एक युवक की हत्या करने के आरोपी स्कूल संचालक विश्वजीत को पुलिस ने मंगलवार दोपहर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी का तीन दिन का रिमांड हासिल किया।
पत्नी के साथ अवैध संबंधों के शक में शनिवार को हत्यारोपी विश्वजीत शिव कॉलोनी स्थित नवीन के घर पहुंचा और उसे साथ लेकर स्कूल आया। यहां उसे शराब पिलाने के बाद कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। दूसरी ओर नवीन के गायब होने पर परिजनों ने रविवार को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। साथ ही खोजबीन करते हुए परिजन स्कूल तक पहुंचे जहां कमरे में खून से लथपथ शव देखकर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। जांच के बाद पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी विश्वजीत को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने उससे हत्या का कारण पूछा तो उसने पूरी कहानी बयां कर दी। उसने स्वीकार किया कि डेढ़ माह पहले नवीन से अवैध संबंधों के कारण ही उसने पत्नी की हत्या कर जलाने के बाद नहर में फेंक दिया था।
पुलिस की जांच में यह पता चला है कि विश्वजीत का उसकी पत्नी रीना के साथ विवाद चल रहा था। दहेज प्रताड़ना को लेकर मामला भी दर्ज हुआ था। सुलह होने पर करीब चार महीने पूर्व ही उसकी पत्नी उसके पास स्कूल परिसर में बने आवास में रहने लगी थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से विश्वजीत ने अपने आवास में पत्नी की हत्या की और परिसर में स्कूल भवन के पास ही उसके शव को जलाकर नहर में ठिकाने लगा दिया।
आरोपी विश्वजीत को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। दोनों मामलों की गहनता से पूछताछ की जाएगी। अभी फिलहाल आरोपी ने कोई खुलासा नहीं किया है।
- मोहनलाल, प्रभारी, सीआईए-टू थाना, करनाल