वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के मद्देनजर भारत सरकार ने एक अगस्त से लेकर 31 अगस्त तक के लिए अनलॉक-3 की गाइड लाइन जारी की है। इसके तहत जिले के सभी स्कूल, कॉलेज तथा कोचिंग सेंटर, शिक्षण संस्थान पूर्णत: बंद रहेंगे। अनलॉक-3 की हिदायतों के अनुसार सिनेमा हॉल तथा स्वीमिंग पूल के संचालन पर भी रोक लगाई गई है। 5 अगस्त से जिम और योगा सेंटर के संचालन के लिए सरकार ने छूट दी है। साथ ही डीसी निशांत कुमार यादव ने इनके संचालन के लिए कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की हिदायतों के अनुसार ढाबे और रेस्टोरेंट के संचालन तथा खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी के लिए समय रात्रि 9 बजे तक का ही रहेगा। इसमें किसी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। अनलॉक-3 की गाइडलाइन के अनुसार राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त मनाने के संबंध में बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिला स्तर, उपमंडल स्तर तथा पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इस पर्व को मनाने में हम कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए सभी जरूरी एहतियात बरतेंगे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी, अधिकारी व कर्मचारी मास्क लगाकर शामिल होंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उपायुक्त ने अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोग कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे निर्देशों का अवश्य पालन करें। उपायुक्त ने कहा कि कंटेनमेंट जोन में किसी भी प्रकार की कोई छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने जिले के कोरोना वायरस से संक्रमित केसों के बारे में बताते हुए कहा कि जिले में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच चुका है, जबकि जिले का रिकवरी रेट लगभग 70 प्रतिशत है तथा 30 प्रतिशत केस एक्टिव हैं।